- सोने का भाव 1,53,844 प्रति दस ग्राम, चांदी 2,42,614 रुपए प्रति किलो नई दिल्ली (ईएमएस)। सोने और चांदी की कीमतों पर सोमवार को दबाव देखने को मिला। जहां शुरुआती तेज उछाल के बाद चांदी के भाव फिसल गए, वहीं सोने ने दिन की शुरुआत ही गिरावट के साथ की और इसमें और नरमी आई। घरेलू मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (एमसीएक्स) और अंतरराष्ट्रीय कॉमैक्स दोनों बाजारों में बहुमूल्य धातुओं के वायदा भाव में कमजोरी दर्ज की गई। घरेलू वायदा बाजार एमसीएक्स पर सोने का बेंचमार्क अगस्त कॉन्ट्रैक्ट खबर लिखे जाने के समय 1,750 रुपये की गिरावट के साथ 1,53,844 रुपये के भाव पर कारोबार कर रहा था। सोने के वायदा भाव ने दिन की शुरुआत ही नरमी के साथ की थी, जहां यह 1,417 रुपये की गिरावट के साथ 1,54,177 रुपये पर खुला था। इसका पिछला बंद भाव 1,55,594 रुपये था। कारोबारी सत्र के दौरान सोने ने 1,54,434 रुपये का उच्च स्तर और 1,53,802 रुपये का निचला स्तर छुआ। गौरतलब है कि इस साल सोने के वायदा भाव 1,80,779 रुपये के उच्चतम स्तर पर पहुंच गए थे। चांदी की शुरुआती चमक फीकी: सोमवार को चांदी के वायदा भाव ने एमसीएक्स पर जोरदार शुरुआत की थी। बेंचमार्क जुलाई कॉन्ट्रैक्ट 2,464 रुपये की तेजी के साथ 2,51,001 रुपये पर खुला, जबकि इसका पिछला बंद भाव 2,48,537 रुपये था। हालांकि, यह शुरुआती तेजी बरकरार नहीं रह पाई। खबर लिखे जाने तक यह कॉन्ट्रैक्ट 5,923 रुपये की बड़ी गिरावट के साथ 2,42,614 रुपये के भाव पर कारोबार कर रहा था। दिन के कारोबार में चांदी ने 2,51,001 रुपये का उच्च और 2,41,990 रुपये का निचला स्तर देखा। इस साल चांदी ने 4,20,048 रुपये प्रति किलो के रिकॉर्ड उच्चतम स्तर को छुआ था। अंतरराष्ट्रीय बाजार में भी सोने और चांदी के वायदा भाव में नरमी का रुख रहा। कॉमेक्स पर सोना 4,503 डॉलर प्रति औंस के भाव पर खुला, जबकि पिछला बंद भाव 4,505 डॉलर प्रति औंस था। खबर लिखे जाने के समय यह 27.60 डॉलर की गिरावट के साथ 4,337.70 डॉलर प्रति औंस पर कारोबार कर रहा था। कॉमेक्स पर चांदी के वायदा भाव 67.84 डॉलर प्रति औंस पर खुले और खबर लिखे जाने तक 1.41 डॉलर की गिरावट के साथ 67.69 डॉलर प्रति औंस पर कारोबार कर रहे थे। पिछले साल अंतरराष्ट्रीय सोने ने 5,586.20 डॉलर और चांदी ने 121.79 डॉलर प्रति औंस का उच्चतम स्तर छुआ था। सतीश मोरे/08जून ---