व्यापार
08-Jun-2026


- यात्री वाहन, दोपहिया, तिपहिया और ट्रैक्टर श्रेणियों में अब तक की सर्वाधिक बिक्री नई दिल्ली (ईएमएस)। देश में मोटर वाहनों की खुदरा बिक्री मई 2026 में रिकॉर्ड 25.31 लाख इकाई पर पहुंच गई, जो पिछले वर्ष की तुलना में 9.55 फीसदी की वृद्धि दर्ज करती है। ऑटोमोबाइल डीलर्स एसोसिएशन्स (फाडा) ने सोमवार को बताया कि ईंधन कीमतों में बढ़ोतरी के बावजूद यह उछाल आया, जो भारतीय ऑटो बाजार की मजबूत मांग को दर्शाता है। फाडा के आंकड़ों के अनुसार, मई में यात्री वाहनों (पीवी) की बिक्री 23.25 फीसदी बढ़कर रिकॉर्ड 4,02,591 इकाई रही। दोपहिया वाहनों की बिक्री भी 7.54 फीसदी की वृद्धि के साथ रिकॉर्ड 18,44,947 इकाई दर्ज की गई। तिपहिया और ट्रैक्टर श्रेणियों ने भी अब तक की सर्वाधिक बिक्री दर्ज करते हुए ऐतिहासिक प्रदर्शन किया। उपभोक्ताओं की बढ़ती रुचि इलेक्ट्रिक वाहनों (ईवी) की ओर भी स्पष्ट रूप से दिख रही है, जिसकी हिस्सेदारी दोपहिया सेगमेंट में बढ़कर 9.25 फीसदी हो गई है, जो पिछले वर्ष 6.11 फीसदी थी। फाडा ने बताया कि अत्यधिक गर्मी और ईंधन की ऊंची कीमतों जैसी चुनौतियों के बावजूद भारतीय मोटर वाहन खुदरा बाजार में वृद्धि जारी रही। उन्होंने कहा कि तिपहिया, यात्री वाहन, ट्रैक्टर और कुल पंजीकरण में मई 2026 में अब तक का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन देखा गया। जून 2026 के लिए फाडा ने संतुलित लेकिन सतर्क रूप से आशावादी दृष्टिकोण व्यक्त किया है। मानसून की प्रगति और ग्रामीण नकदी प्रवाह को मांग का मुख्य कारक माना गया है, हालांकि अल्पकालिक लागत दबाव बने रहने की आशंका है। डीलरों में से आधे से अधिक ने वृद्धि की उम्मीद जताई है, जबकि 39.90 फीसदी ने बाजार को स्थिर रहने का अनुमान लगाया है। सतीश मोरे/08जून ---