व्यापार
08-Jun-2026


नई दिल्ली (ईएमएस)। बढ़ती ईंधन कीमतों और कच्चे तेल पर निर्भरता घटाने के लिए केंद्र सरकार ने एक अहम कदम उठाया है। केंद्रीय पेट्रोलियम मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने दिल्ली में आधिकारिक तौर पर ई85 फ्यूल लॉन्च किया है, जो सामान्य पेट्रोल से लगभग 20 रूपए प्रति लीटर सस्ता है। दिल्ली में इसे मात्र 82.12 रुपए प्रति लीटर की किफायती कीमत पर पेश किया गया है, जबकि सामान्य पेट्रोल 100 रुपए के पार है। ई85 एक हाई इथेनॉल ब्लेंडेड फ्यूल है, जिसमें 80-85 फीसदी एथेनॉल होता है। इसे गन्ने, मक्के और कृषि अवशेषों से तैयार किया जाता है, जो इसे स्वदेशी और पर्यावरण के अनुकूल बनाता है। इस पहल का मुख्य उद्देश्य भारत की विदेशी कच्चे तेल पर निर्भरता कम करना और स्वच्छ ऊर्जा को बढ़ावा देना है। हालांकि, यह समझना महत्वपूर्ण है कि ई85 फ्यूल आपकी मौजूदा साधारण पेट्रोल कार या बाइक के लिए नहीं है। इसे विशेष रूप से फ्लेक्स-फ्यूल वाहनों के लिए डिजाइन किया गया है, जो इस नए ईंधन के साथ संगत होते हैं। सरकार की यह पहल देश की ऊर्जा सुरक्षा और पर्यावरण संरक्षण दोनों के लिए महत्वपूर्ण मानी जा रही है। सतीश मोरे/08जून ---