- 100 शहरों तक विस्तार की योजना नई दिल्ली (ईएमएस)। अमेजन इंडिया ने देश के तेजी से बढ़ते क्विक कॉमर्स बाजार में अपनी अग्रणी स्थिति स्थापित करने का दृढ़ विश्वास जताया है। कंपनी के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा कि प्राइम प्रोग्राम और व्यापक उत्पाद श्रृंखला के दम पर अमेजन जल्द ही इस क्षेत्र में शीर्ष पर होगी। कंपनी के अधिकारी ने कहा कि कंपनी त्वरित वाणिज्य को व्यापक ऑनलाइन खुदरा बाजार के भीतर एक गति समीकरण के रूप में देखती है। उन्होंने जोर दिया कि अमेजन प्रतिस्पर्धी-केंद्रित नहीं बल्कि ग्राहक-केंद्रित है, और भारत में 13 वर्षों में विकसित की गई व्यापक उत्पाद उपलब्धता तथा बड़ी ई-कॉमर्स क्षमता उसकी सबसे बड़ी ताकत है। कंपनी का क्विक कॉमर्स मंच अमेजन नाउ वर्तमान में 12 से अधिक शहरों में संचालित है और इसे 100 से अधिक शहरों तथा 1,000 ‘माइक्रो-फुलफिलमेंट सेंटर’ तक विस्तारित करने की योजना है। कंपनी का कारोबार मासिक आधार पर 25 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज कर रहा है, और प्राइम सदस्य अन्य ग्राहकों की तुलना में तीन गुना अधिक खरीदारी कर रहे हैं। तेज आपूर्ति और उपभोक्ता व्यवहार में बदलाव से प्रेरित भारत का क्विक कॉमर्स बाजार डिजिटल अर्थव्यवस्था के सबसे तेजी से बढ़ते क्षेत्रों में से एक है। इस क्षेत्र में अन्य प्रमुख खिलाड़ी भी आक्रामक निवेश कर रहे हैं। अमेजन ने 2030 तक भारत में 35 अरब डॉलर के अतिरिक्त निवेश की घोषणा की है, जो व्यापार विस्तार, कृत्रिम मेधा और रोजगार सृजन पर केंद्रित होगा। सतीश मोरे/08जून ---