नई दिल्ली (ईएमएस)। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने रविवार को राष्ट्रीय राजधानी में भगवान अयप्पा मंदिर में पूजा-अर्चना की और मंदिर में नवनिर्मित सबरीसम परिसर का उद्घाटन किया। अमित शाह ने एक्स पर ‘पोस्ट’ साझा करते हुए लिखा, नई दिल्ली के आरके पुरम स्थित भगवान अयप्पा मंदिर में पूजा करने का सौभाग्य मिला। भगवान अय्यप्पा आनंद के दाता और हमारे राष्ट्र को एकजुट करने वाले पवित्र मूल्यों के प्रतीक हैं। मैंने सभी के कल्याण और समृद्धि के लिए भगवान से प्रार्थना की। एक अन्य पोस्ट में गृह मंत्री ने लिखा, नई दिल्ली में अय्यप्पा मंदिर परिसर में नवनिर्मित सबरीसम कांप्लेक्स का उद्घाटन किया गया। यह परिसर आध्यात्मिक प्रवचनों और सामुदायिक कल्याण पहलों का केंद्र होने के साथ ही राष्ट्रीय राजधानी में रहने वाले मलयालम भाषी समुदाय की सांस्कृतिक विरासत को संरक्षित और बढ़ावा देने में मदद करेगा। भगवान अय्यप्पा के बारे में माना जाता है कि वे भगवान शिव और भगवान विष्णु के स्त्री अवतार मोहिनी के दिव्य मिलन से उत्पन्न हुए हैं। उन्हें सत्य, धर्म, आत्म-अनुशासन और भक्ति का प्रतीक माना जाता है। अजीत झा/देवेन्द्र/नई दिल्ली/ ईएमएस/08/जून/2026