क्षेत्रीय
08-Jun-2026
...


फतेहपुर (ईएमएस)। उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती परीक्षा को निष्पक्ष, पारदर्शी एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क रहा। इसी क्रम में जिलाधिकारी निधी गुप्ता वत्स एवं पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक ने सोमवार को जनपद के विभिन्न परीक्षा केंद्रों का औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने राजकीय पॉलिटेक्निक कॉलेज, फतेहपुर एवं राजकीय इण्टर कॉलेज, फतेहपुर पहुंचकर परीक्षा संचालन की व्यवस्थाओं को परखा। उन्होंने परीक्षा कक्षों, अभ्यर्थियों की प्रवेश व्यवस्था, सीसीटीवी कैमरों की कार्यशीलता, स्ट्रांग रूम की सुरक्षा व्यवस्था तथा निगरानी तंत्र का निरीक्षण किया। जिलाधिकारी ने केंद्र व्यवस्थापकों को निर्देश दिए कि परीक्षा की शुचिता एवं गोपनीयता बनाए रखने में किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए। उन्होंने कहा कि परीक्षा शासन की मंशा के अनुरूप पूरी पारदर्शिता और निष्पक्षता के साथ संपन्न कराई जानी चाहिए। सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को अपने दायित्वों का गंभीरता से निर्वहन करने के निर्देश दिए गए। पुलिस अधीक्षक ने परीक्षा केंद्रों पर तैनात पुलिस बल को सतर्क रहने और सुरक्षा व्यवस्था मजबूत बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि परीक्षा केंद्रों के आसपास संदिग्ध गतिविधियों पर विशेष नजर रखी जाए तथा अभ्यर्थियों को किसी प्रकार की असुविधा न होने दी जाए। निरीक्षण के दौरान सीसीटीवी कैमरों की लाइव मॉनिटरिंग व्यवस्था की भी जांच की गई। अधिकारियों ने यह सुनिश्चित किया कि सभी कैमरे सुचारू रूप से कार्य कर रहे हैं और परीक्षा की प्रत्येक गतिविधि पर नजर रखी जा रही है। जनपद के विभिन्न परीक्षा केंद्रों पर परीक्षा दो पालियों में आयोजित की गई। परीक्षा के दौरान अभ्यर्थियों की सघन जांच के बाद ही प्रवेश दिया गया। केंद्रों के बाहर पर्याप्त पुलिस बल तैनात रहा तथा संपूर्ण परीक्षा प्रक्रिया शांतिपूर्ण एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न हुई। जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने परीक्षा केंद्रों के निरीक्षण के दौरान अधिकारियों को निर्देशित किया कि परीक्षा समाप्ति तक पूरी सतर्कता बनाए रखें तथा किसी भी प्रकार की अनियमितता पाए जाने पर तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित करें। प्रशासन की कड़ी निगरानी और सुरक्षा व्यवस्था के बीच जनपद में उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती परीक्षा सकुशल, निष्पक्ष एवं पारदर्शी वातावरण में संपन्न कराई गई। शीबू खान/ ईएमएस 08 जून, 2026