क्षेत्रीय
08-Jun-2026
...


वाराणसी (ईएमएस) । भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) ने राष्ट्रीय राजमार्गों पर स्वच्छता बढ़ाने, वायु गुणवत्ता में सुधार लाने और यात्रियों के लिए सुरक्षित व सुगम यात्रा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से एक बड़ी पहल की है। एनएचएआई द्वारा अब राजमार्गों की सफाई के लिए उन्नत ट्रक-माउंटेड वैक्यूम रोड स्वीपिंग मशीनों (ब्रूमर्स) की तैनाती शुरू कर दी गई है। वाराणसी-औरंगाबाद सिक्स लेन (NH-2) प्रोजेक्ट पर साफ-सफाई को चाक-चौबंद करने के लिए इस हाईटेक मशीन का प्रयोग किया जा रहा है।यह यांत्रिक सड़क सफाई मशीन उच्च क्षमता वाले वैक्यूम सिस्टम, साइड ब्रश, केंद्रीय स्वीपिंग ब्रश, जल छिड़काव व्यवस्था और मलबा संग्रहण हॉपर से लैस है। यह सड़कों पर जमा धूल, रेत, पत्तियों समेत अन्य कूड़े-कचरे को तेजी से हटाने में पूरी तरह सक्षम है। इस मशीन की सबसे बड़ी खासियत यह है कि यह न केवल सड़क को साफ करती है, बल्कि सफाई के दौरान दोबारा धूल को हवा में फैलने से भी रोकती है।प्रति घंटे 36,000 वर्ग मीटर क्षेत्र की सफाई संभव होगी।राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण वाराणसी के प्रोजेक्ट डायरेक्टर अरुण कुमार ने बताया कि ये मशीनें प्रति घंटे लगभग 36,000 वर्ग मीटर क्षेत्र की सफाई कर सकती हैं। इनमें 10 घन मीटर क्षमता का मलबा संग्रहण हॉपर, हाई प्रेशर जल छिड़काव प्रणाली, सीसीटीवी (CCTV) निगरानी और पीएलसी (PLC) आधारित नियंत्रण प्रणाली जैसी आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध हैं। ये फीचर्स मशीन के संचालन को अधिक प्रभावी और सुरक्षित बनाते हैं।हाईटेक ब्रूमर मशीन के मुख्य लाभ:धूल-मुक्त राजमार्ग: राष्ट्रीय राजमार्गों को पूरी तरह स्वच्छ और धूल-मुक्त बनाए रखना।बेहतर सड़क सुरक्षा: सड़कों से मलबे और बजरी को हटाकर दुर्घटनाओं की आशंका को कम करना।प्रदूषण पर लगाम: उड़ने वाली धूल को नियंत्रित कर वायु प्रदूषण को कम करना।जनस्वास्थ्य और पर्यावरण: पर्यावरणीय स्थिरता को बढ़ावा देना और आम जनता के स्वास्थ्य की रक्षा करना।सुखद यात्रा अनुभव: राजमार्ग का उपयोग करने वाले यात्रियों को सफर का एक बेहतर और अंतरराष्ट्रीय स्तर का अनुभव देना। डॉ नरसिंह राम /08 जून2026