क्षेत्रीय
08-Jun-2026
...


कोडरमा (ईएमएस)।जयनगर थाना क्षेत्र अंतर्गत बागोडीह गांव में बीती रात अज्ञात चोरों ने जमकर उत्पात मचाया। एक के बाद एक चार घरों का ताला तोडकर नगद, जेवरात, पीतल कांसा का बर्तन सहित लाखो रूपये की संपति चुरा ली। सुबह घटना की जानकारी मिलते ही पूरे गांव में हडकंप मच गया। मिली जानकारी के मुताबिक दुर्गी राम अपने नए घर में सोए थे। इसी दौरान चोरों ने घर का ताला तोडकर करीब पांच हजार रुपये मूल्य के पीतल-कांसा के बर्तन चोरी कर लिया।इसके बाद चोरों ने श्याम सुंदर राम के घर को निशाना बनाया।यहां से चांदी की पायल, सोने का फूल, कान के आभूषण, बर्तन और लगभग दस हजार रुपये नगद समेत करीब पचास हजार रुपये मूल्य की संपत्ति लेकर फरार हो गए। चोरों ने कलवा देवी के घर में भी सेंध लगाई और एक कमरे का ताला तोड़कर लगभग बीस हजार रुपये मूल्य के पीतल-कांसा के बर्तन उड़ा ले गए।वहीं प्रयाग यादव के परिवार के लोग गर्मी के कारण छत पर सो रहे थे, इसका फायदा उठाकर चोर नीचे कमरे का ताला तोड़कर करीब नौ हजार रुपये मूल्य के बर्तन चोरी कर ले गए।एक ही रात में चार घरों में चोरी की वारदात से ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। घटना की सूचना पर पुलिस अवर निरीक्षक केडी प्रसाद दलबल के साथ मौके पर पहुंचे और घटना स्थल का निरीक्षण कर पीड़ित परिवारों से पूछताछ की। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है। - 08जून/26