पटना, (ईएमएस)। अग्नि सुरक्षा मानकों के अनुपालन को लेकर पटना जिला प्रशासन ने कड़ा रुख अपनाया है। जिलाधिकारी (डीएम) के निर्देश पर जिला अग्निशमन पदाधिकारी के नेतृत्व में पूरे जिले में फायर ऑडिट, निरीक्षण और जागरूकता अभियान लगातार चलाया जा रहा है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि आम जनता की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। फायर ऑडिट में गंभीर कमियां पाए जाने और निर्धारित समय सीमा के भीतर सुधारात्मक कदम नहीं उठाने पर बिहार सरकार के राज्य अग्निशमन पदाधिकारी ने 6 होटल एवं अन्य संस्थानों को सील करने की मंजूरी दे दी है। इनमें होटल कुणाल इंटरनेशनल (जमाल रोड), होटल विवेक (एक्जीबिशन रोड), होटल मुद्रिका (जमाल रोड), माँ भगवती कमर्शियल कॉम्प्लेक्स (बोरिंग रोड चौराहा), होटल बॉब्स (जमाल रोड) और होटल अप्सरा (सालिमपुर आहरा) शामिल हैं। प्रशासन के अनुसार इन संस्थानों को पहले नोटिस जारी कर अग्नि सुरक्षा संबंधी कमियों को दूर करने का अवसर दिया गया था, लेकिन निर्धारित समय में अनुपालन नहीं होने पर पटना सदर अनुमंडल पदाधिकारी को भवन खाली कराकर सीलिंग की कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया है। वहीं, फायर ऑडिट में खामियां पाए जाने के बावजूद सुधार नहीं करने वाले 6 अस्पतालों और संस्थानों को सील करने का प्रस्ताव भी सरकार को भेजा गया है। इनमें एडवांस पटना सेंट्रल हॉस्पिटल (कंकड़बाग), पिनैकल हॉस्पिटल (राजेंद्र नगर), आरोग्य वरदान हॉस्पिटल (राजेंद्र नगर), श्यामा ट्रस्ट हॉस्पिटल एंड रिसर्च सेंटर (रामकृष्णा नगर), एपेक्स हॉस्पिटल (कंकड़बाग) और एनसीडीसी (अगमकुआं, पटना सिटी) शामिल हैं। सरकार की मंजूरी मिलते ही इनके खिलाफ भी कार्रवाई शुरू की जाएगी। जिला अग्निशमन पदाधिकारी ने बताया कि पिछले चार दिनों में 470 से अधिक भवनों, संस्थानों और प्रतिष्ठानों का फायर ऑडिट किया गया है। होटल, अस्पताल, अपार्टमेंट, मॉल, सिनेमा हॉल और बैंकों में नियमित रूप से मॉक ड्रिल आयोजित की जा रही है। साथ ही लोगों को अग्नि सुरक्षा के प्रति जागरूक करने के लिए कार्यशालाओं का भी आयोजन किया जा रहा है। प्रशासन ने बताया कि 72 अन्य होटल और अस्पतालों को पहले ही नोटिस और स्पष्टीकरण जारी किया जा चुका है। अब उन्हें अंतिम नोटिस दिया गया है। यदि 10 दिनों के भीतर अग्नि सुरक्षा मानकों का पालन नहीं किया गया तो उनके खिलाफ भी सीलिंग की कार्रवाई की जाएगी। संतोष झा- ०८ जून/२०२६/ईएमएस