:: ग्रिड अपग्रेड होने से 10 कॉलोनियों के 5 हजार से अधिक उपभोक्ताओं को मिलेगी बेहतर वोल्टेज, भविष्य की मांग के लिए तैयार :: इंदौर (ईएमएस)। शहर में बिजली की निर्बाध और गुणवत्तापूर्ण आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए पश्चिम क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी ने तकनीकी सुधार की दिशा में एक और बड़ा कदम उठाया है। सोमवार को स्कीम नंबर 114 स्थित 33/11 केवी सब-स्टेशन की क्षमता का विस्तार करते हुए इसे और अधिक सशक्त बना दिया गया है। कंपनी के प्रबंध निदेशक अनूप कुमार सिंह के निर्देशानुसार शहर के विभिन्न ग्रिडों की क्षमता बढ़ाने का अभियान लगातार जारी है। विद्युत वितरण कंपनी के शहर अधीक्षण यंत्री मनेंद्र गर्ग ने बताया कि एसएसटीडी योजना के अंतर्गत स्कीम नंबर 114 स्थित सब-स्टेशन को अपग्रेड करने का काम सोमवार को पूरा हुआ। यहाँ पहले से स्थापित 5 एमवीए के पावर ट्रांसफार्मर (पीटीआर) को हटाकर उसके स्थान पर 10 एमवीए का नया पावर ट्रांसफार्मर स्थापित किया गया है। प्रोटोकॉल के तहत सभी तकनीकी परीक्षण पूरे करने के बाद सोमवार शाम को इसे ऊर्जीकृत (चार्ज) कर दिया गया। इस बदलाव के साथ ही अब इस सब-स्टेशन की कुल क्षमता 20 एमवीए से बढ़कर 25 एमवीए हो गई है। :: 5 हजार उपभोक्ताओं को होगा सीधा लाभ :: इस तकनीकी अपग्रेडेशन का सबसे बड़ा फायदा आसपास की कॉलोनियों के रहवासियों को मिलेगा। कंपनी के अनुसार, इस क्षमता विस्तार से करीब 10 कॉलोनियों के 5 हजार से अधिक उपभोक्ता सीधे तौर पर लाभान्वित होंगे। अब उपभोक्ताओं को पहले की तुलना में अधिक वोल्टेज और बेहतर गुणवत्ता के साथ बिजली मिल सकेगी। साथ ही, यह विस्तार क्षेत्र में बढ़ती विद्युत मांग को पूरा करने के लिए एक बैकअप की तरह कार्य करेगा, जिससे भविष्य में लोड बढ़ने पर आपूर्ति बाधित नहीं होगी। प्रकाश/08 जून 2026