राज्य
08-Jun-2026
...


:: अनिकेत के 85* रनों पर भारी पड़ी गोस्वामी की शतकीय आंधी, इंदौर में आखिरी 11 गेंदों पर 41 रन ठोककर पलटी बाजी :: इंदौर (ईएमएस)। डेली कॉलेज ग्राउंड पर सोमवार को मध्य प्रदेश प्रीमियर लीग 2026 के 11वें मुकाबले में वो ऐतिहासिक चमत्कार हुआ, जिसे इंदौर के खेलप्रेमी बरसों याद रखेंगे। भोपाल लीपर्ड्स द्वारा खड़े किए गए 197 रनों के हिमालयी स्कोर के सामने जब बुंदेलखंड बुल्स की हार तय नजर आ रही थी, तब मैदान पर पार्थ गोस्वामी नाम का ऐसा चक्रवात आया जिसने भोपाल के पूरे गेंदबाजी आक्रमण को तिनके की तरह उड़ा दिया। दबाव की भट्टी में तपे बिना पार्थ ने महज 53 गेंदों में 9 चौकों और 6 गगनचुंबी छक्कों की मदद से नाबाद 101 रनों की अविस्मरणीय पारी खेली। पार्थ ने भोपाल लीपर्ड्स की मांद में घुसकर बुल्स को 6 विकेट से करिश्माई जीत दिलाई। उन्हें इस अद्भुत प्रदर्शन के लिए मैन ऑफ द मैच चुना गया। :: अनिकेत-हिमांशु की रिकॉर्ड साझेदारी :: इससे पहले टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी भोपाल लीपर्ड्स की शुरुआत धीमी रही और 62 रन पर उसके 3 विकेट गिर गए थे। इसके बाद कप्तान अनिकेत वर्मा और हिमांशु शिंदे ने मोर्चा संभाला। दोनों ने बुल्स के गेंदबाजों की बेरहमी से धुनाई करते हुए चौथे विकेट के लिए महज 56 गेंदों में 135 रनों की नाबाद और विस्फोटक साझेदारी कर डाली। कप्तान अनिकेत ने मात्र 39 गेंदों में 9 छक्के और 5 चौके उड़ाते हुए नाबाद 85 रन कूट दिए, जबकि हिमांशु शिंदे ने 37 गेंदों में नाबाद 57 रनों का योगदान दिया। इनकी बदौलत भोपाल ने 20 ओवर में 3 विकेट पर 197 रनों का विशाल स्कोर खड़ा किया। :: संकट में जागा बुल्स का सारथी :: 198 रनों के बड़े लक्ष्य का पीछा करने उतरी बुल्स की शुरुआत किसी बुरे सपने जैसी थी। कप्तान अभिषेक पाठक मात्र 1 रन और श‍िवांग कुमार 8 रन बनाकर चलते बने। हर्ष गवली (37) ने पारी को संभालने की कोशिश की, लेकिन 13वें ओवर तक 113 रन पर बुल्स के 4 विकेट गिर चुके थे। आवश्यक रन रेट का मीटर 12 के पार जा चुका था और भोपाल के डगआउट में जीत का जश्न भी शुरू हो चुका था। लेकिन वे यह भूल गए थे कि क्रीज पर अभी संकटमोचक पार्थ गोस्वामी डटे हुए हैं। पार्थ ने यहीं से अकेले दम पर काउंटर-अटैक शुरू किया और भोपाल के गेंदबाजों को रिमांड पर लेना शुरू किया। :: आखिरी 11 गेंदों पर 41 रन का रोमांच :: मैच का अंत इतना रोमांचक था कि कमजोर दिल वाले दर्शक अपनी सांसें थाम चुके थे। जीत के लिए आखिरी 2 ओवरों में 19 रन चाहिए थे। प्रियांशु शुक्ला के 18वें ओवर की आखिरी दो गेंदों पर दूसरे छोर से भूमेश मुजल्दा (29*) ने दो लगातार छक्के जड़कर मैच का रुख पूरी तरह बुल्स की तरफ मोड़ दिया था। इसके बाद 19वां ओवर लेकर आए पवन निरवानी की गेंदों पर पार्थ गोस्वामी काल बनकर टूटे। पार्थ ने पहली ही गेंद पर पैर निकाला और गगनभेदी छक्का जड़ दिया। अगली गेंद पर चीते की रफ्तार से दौड़कर 2 रन चुराए। इसके बाद तीसरी और चौथी गेंद पर अपनी कलाई का जादू दिखाते हुए लगातार दो करारे चौके जड़कर उन्होंने स्कोर बराबर कर दिया। जीत के लिए बुल्स को महज 1 रन चाहिए था और पार्थ अपने शतक से 5 रन दूर थे। निरवानी ने जैसे ही पांचवीं गेंद फेंकी, पार्थ ने घुटने टेके और गेंद को लॉन्ग ऑन के ऊपर से स्टेडियम पार करा दिया। इस छक्के के साथ ही पार्थ का जादुई शतक भी पूरा हो चुका था और बुल्स ने 7 गेंद शेष रहते मैच अपने नाम कर लिया। :: संक्षिप्त स्कोर :: भोपाल लीपर्ड्स : 20 ओवर में 197/3 (अनिकेत वर्मा 85 नाबाद, हिमांशु शिंदे 57 नाबाद, राहुल चंद्रोल 33; शिवांग कुमार 1/30, अनंत दुबे 1/38, ओमकार नाथ सिंह 1/40)। बुंदेलखंड बुल्स : 18.5 ओवर में 201/4 (पार्थ गोस्वामी 101 नाबाद, हर्ष गवली 37, भूमेश मुजल्दा 29 नाबाद; प्रियांशु शुक्ला 1/33, अजय मिश्रा 1/28, प्रंजुल पुरी 1/41)। प्रकाश/08 जून 2026