देहरादून (ईएमएस)। राजकीय जूनियर हाई स्कूल पूर्व माध्यमिक शिक्षक संघ ने चरणबद्ध आंदोलन के पांचवें चरण के अंतर्गत अपनी मांगों को लेकर राजधानी में गर्जना रैली निकालकर जोरदार नारेबाजी के बीच प्रदर्शन करते हुए सचिवालय का घेराव किया। कहा कि जब तक उनकी मांगों का निस्तारण नहीं हो जाता आंदोलन को जारी रखा जाएगा। यहां परेड ग्राउंड में संघ के प्रदेश अध्यक्ष विनोद थापा के नेतृत्व में शिक्षक इकटठा हुए और वहां से गर्जना रैली परेड ग्राउंड से शुरू होकर घंटाघर, राजपुर रोड व सेंट जोजफ्स एकेडमी के ग्लौब चैराहे से होते हुए सचिवालय के पास पहंुची तो पुलिस ने बैरिकेडिंग लगाकर सभी को रोक लिया। इस बीच प्रदर्शनकारी शिक्षकों व पुलिस के बीच जबरदस्त नोंकझोंक, धक्का मुक्की होने के बाद सभी वहीं धरने पर बैठ गए। इस दौरान थापा ने कहा कि आंदोलन के माध्यम से शिक्षक अपनी विभिन्न लंबित समस्याओं के समाधान की मांग पुरजोर तरीके से उठाते आ रहे है लेकिन आज तक उनकी मांगों पर सरकार ने कोई ध्यान नहीं दिया है। उन्होंने कहा कि संघ की प्रमुख मांगों में टीईटी अनिवार्यता से छूट, त्रिस्तरीय कैडर एवं जूनियर हाईस्कूल का पृथक संचालन, 17140 वेतनमान की वसूली से राहत, प्रारंभिक शिक्षकों की तीन पदोन्नतियां सुनिश्चित करना तथा अंतर्जनपदीय स्थानांतरण व्यवस्था लागू करना शामिल है। उन्होंने कहा है कि इसके अलावा समग्र शिक्षा के डीडीओ के रूप में उप शिक्षा अधिकारियों की नियुक्ति दी जाए। इस दौरान संघ के प्रदेश महामंत्री जगवीर खरोला ने कहा है कि प्रत्येक जूनियर हाईस्कूल में प्रधानाध्यापक एवं अंग्रेजी विषय के पदों के सृजन की मांग भी रखी गई। उन्होंने कहा कि शिक्षकों ने पुरानी पेंशन बहाली, चयन एवं प्रोन्नत वेतनमान में एक अतिरिक्त वेतन वृद्धि, प्रारंभिक शिक्षा खेलकूद प्रतियोगिताओं के लिए धनराशि बढ़ाने व सीपीएड शिक्षकों को एलटी व्यायाम पदों पर समायोजित करने की मांग की गई है। इस अवसर पर प्रदेश भर से अनेक शिक्षक शिक्षिकाएं उपस्थित रहे। शैलेन्द्र नेगी/ईएमएस/08 जून 2026