व्यापार
14-Jun-2026
...


- रिलायंस, एचडीएफसी बैंक और भारती एयरटेल भी फायदे में, टीसीएस और एलआईसी को नुकसान नई दिल्ली (ईएमएस)। बीते सप्ताह शेयर बाजार में तेजी से शीर्ष 10 में से आठ मूल्यवान कंपनियों के बाजार पूंजीकरण (मार्केट कैप) में कुल 1.90 लाख करोड़ रुपये की बढ़ोतरी दर्ज की गई। इस दौरान आईसीआईसीआई बैंक को सबसे अधिक लाभ हुआ, जबकि सेंसेक्स 1.73 प्रतिशत की मजबूती के साथ बंद हुआ। एनएसई निफ्टी भी एक प्रतिशत मजबूत हुआ। लाभ में रहने वाली कंपनियों में रिलायंस इंडस्ट्रीज, एचडीएफसी बैंक, भारती एयरटेल, आईसीआईसीआई बैंक, भारतीय स्टेट बैंक, बजाज फाइनेंस, लार्सन एंड टुब्रो और हिंदुस्तान यूनिलीवर शामिल हैं। आईसीआईसीआई बैंक का बाजार मूल्यांकन 56,223 करोड़ रुपये बढ़कर 9.61 लाख करोड़ रुपये पर पहुंच गया। एचडीएफसी बैंक का मार्केट कैप 38,571 करोड़ रुपये बढ़कर 11.89 लाख करोड़ रुपये रहा, वहीं भारतीय स्टेट बैंक का मूल्यांकन भी 36,137 करोड़ रुपये बढ़कर 9.38 लाख करोड़ रुपये हो गया। इसके विपरीत, टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज (टीसीएस) का बाजार पूंजीकरण 13,296 करोड़ रुपये घटकर 7.82 लाख करोड़ रुपये रह गया, और भारतीय जीवन बीमा निगम (एलआईसी) का 822 करोड़ रुपये घटकर 5.05 लाख करोड़ रुपये पर आ गया। शीर्ष 10 कंपनियों की सूची में रिलायंस इंडस्ट्रीज पहले स्थान पर कायम रही, जिसके बाद एचडीएफसी बैंक, भारती एयरटेल और आईसीआईसीआई बैंक जैसे दिग्गज शामिल रहे। सतीश मोरे/14जून ---