- एक मित्र ने अपने नाबालिग साथी को घोंपा चाकू जबलपुर (ईएमएस)। शहर के रांझी थाना क्षेत्रांतर्गत गंगा मैया इलाके में रहने वाले एक 16 साल के किशोर ने शनिवार देर रात गाली को लेकर हुए विवाद के दौरान अपने दूसरे नाबालिग साथी पर चाकू से हमला कर उसका गला रेत दिया। इसके बाद आरोपी अपने एक साथी के साथ मौके से फरार हो गया। बताया जा रहा है कि दोनों नाबालिगों के बीच एक हफ्ते पहले गाली बकने की बात को लेकर विवाद हुआ था। बताया जाता है कि घायल शनिवार को दोस्तों के साथ क्रिकेट खेलकर घर लौट रहा था कि इसी बीच रास्ते में उसकी मुलाकात आरोपी लड़के से हो गई। दोनों के बीच पहले से विवाद चल रहा था और पिछले एक सप्ताह से बातचीत भी बंद थी। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार दोनों का आमना सामना हेाते ही उनके बीच पहले कहासुनी हुई। इसके बाद आरोपी ने चाकू निकालकर घायल के गले पर तथा पीठ पर जोरदार वार कर दिया। इस हमले में गंभीर रूप से घायल लड़का क मौके पर ही गिर पड़ा जबकि आरोपी अपने एक अन्य मित्र के साथ वहां से भाग निकला। घायल को खून से लथपथ हालत में देखकर स्थानीय लोगों ने उसके परिजनों को सूचना दी। इसके बाद उसे रांझी अस्पताल ले जाया गया। हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने उसे शहर के एक निजी अस्पताल में रेफर कर दिया, जहां उसका इलाज जारी है। रांझी थाना पुलिस ने नाबालिग आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि आरोपी के पास चाकू कहां से आया। आरोपी के परिजनों से भी पूछताछ की जा रही है। पुलिस का कहना है कि आरोपी को जल्द पकड़ लिया जाएगा। .../ 14 जून /2026