14-Jun-2026
...


-राउत बोले- चर्चाएं गलत, बैठक में मानसून सत्र में उठाए जाने वाले मुद्दों पर होगी चर्चा मुंबई,(ईएमएस)। महाराष्ट्र की राजनीति में एक बार फिर हलचल तेज है। ऑपरेशन टाइगर की चर्चाओं के बीच शिवसेना (यूबीटी) प्रमुख उद्धव ठाकरे ने आनन-फानन में रविवार को पार्टी के सभी सांसदों की इमरजेंसी बैठक बुलाई। यह बैठक मातोश्री में होगी। पार्टी का कहना है कि यह सामान्य समीक्षा बैठक है, लेकिन सियासी गलियारों में इसे लेकर कई तरह की चर्चाएं हैं। सूत्रों के मुताबिक राजनीतिक गलियारों में पिछले कुछ समय से ऑपरेशन टाइगर का जिक्र हो रहा है। माना जा रहा है कि शिवसेना के कुछ नेताओं और सांसदों के शिंदे गुट के नेताओं के संपर्क में होने की खबरों ने इस चर्चा को हवा दी है। हालांकि जिन सांसदों के नाम सामने आए हैं, उन्होंने पार्टी छोड़ने या पाला बदलने की बात से साफ इनकार किया है। मातोश्री में होने वाली यह बैठक ऐसे समय में हो रही है, जब विपक्षी दलों के भीतर अंदरूनी खींचतान की खबरें सामने आ रही हैं। हाल के दिनों में पश्चिम बंगाल की टीएमसी में कुछ सांसदों की नाराजगी की चर्चा रही। इससे पहले आम आदमी पार्टी में भी सांसदों के पाला बदलने की खबरों ने विपक्षी खेमे की चिंता बढ़ाई थी। ऐसे में उद्धव ठाकरे की यह बैठक संगठन की एकजुटता के लिहाज से अहम मानी जा रही है। रिपोर्ट के मुताबिक यूबीटी के राज्यसभा सांसद और पार्टी प्रवक्ता संजय राउत ने बैठक की पुष्टि की है। उन्होंने कहा कि उद्धव ठाकरे समय-समय पर सांसदों, विधायकों, पार्षदों और दूसरे पदाधिकारियों के साथ बैठक करते रहते हैं। संसद का मानसून सत्र आने वाला है, इसलिए महाराष्ट्र से जुड़े मुद्दों पर चर्चा की जाएगी। वहीं, उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के नेतृत्व वाले गुट ने ऑपरेशन टाइगर जैसी किसी भी चर्चा को गलत बताते हुए पूरी तरह खारिज कर दिया है। शिवसेना प्रवक्ता राजू वाघमारे ने कहा कि ऐसा कोई अभियान नहीं चल रहा है और न ही उनकी पार्टी को किसी को तोड़ने में दिलचस्पी है। उन्होंने कहा कि अभी चुनाव नहीं हैं और सरकार के पास पूरा बहुमत है। लोकसभा में इस समय यूबीटी के 9 सांसद हैं, जबकि शिंदे गुट के पास 7 सांसद हैं। ऐसे में मातोश्री में होने वाली यह बैठक महाराष्ट्र की सियासत में नई चर्चाओं को जरूर हवा दे रही है। सिराज/ईएमएस 14जून26