क्षेत्रीय
14-Jun-2026


- पार्टनरशिप में ऑनलाइन शेयर ट्रेडिंग करने का दिया था झांसा भोपाल(ईएमएस)। नये शहर की टीटी नगर थाना पुलिस ने रेस्टोरेंट संचालक की शिकायत पर एक महिला सहित उसके साथियों के खिलाफ सायबर ठगी का मामला दर्ज किया है। बताया गया है कि फरियादी की महिाल से सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म फेसबुक पर दोस्ती हुई थी। बाद में महिला ने पार्टनरशिप में ऑनलाइन शेयर ट्रेडिंग करने और दोगुना से अधिक मुनाफा होने का झांसा देकर रेस्टोरेंट संचालक से मोटी रकम अपने खाते में जमा करा ली। धोखाधड़ी में फ्रॉड में व्हाट्सएप ग्रुप का एडमिन भी शामिल है, जिससे फरियादी की बातचीत होती थी। पुलिस के मुताबिक वैशाली नगर कोटरा सुल्तानाबाद में रहने वाले फरियादी पवन अग्रवाल (57) ने लिखित शिकायत करते हुए बताया कि तनु अग्रवाल से उसका फेसबुक के माध्यम से परिचय हुआ था। बाद में उसने व्हाट्सएप मोबाइल नंबर पर संपर्क कर कहा कि मेरे साथ पार्टनर होकर ट्रेडिंग करोगे तो रोजाना घर बैठे मुनाफा होगा। इसके लिए उसने ऑनलाइन ट्रेडिंग आईडी व्हाट्सएप ग्रुप पर भेजी। आईडी पर लिंक करते ही पासवर्ड तनु 1212 के माध्यम से लिंक खुल जाती थी। फरियादी का कहना है कि उसकी ग्रुप एडमिन से बातचीत होती थी। एडमिन ने भी उसे लालच देते हुए कहा कि जितनी रकम जमा करेंगे, उससे दोगुना से अधिक मुनाफा होगा। झांसे में आकर पवन अग्रवाल ने 4 अप्रैल 2026 को 96 हजार रुपए जमा कर दिए जबकि तनु अग्रवाल ने अपनी और से छह लाख 70 हजार की रकम जमा की। तनु अग्रवाल की जमा रकम सिर्फ लिंक में ही नजर आई लेकिन कभी खाते में नहीं दिखी। इस तरह दोनों ने 7 लाख 66 हजार रुपए जमा किए गए। ट्रेडिंग करने के बाद 12 लाख का मुनाफा लिंक में दिखाई देने लगा। लालच में आकर पवन अग्रवाल ने अलग-अलग समय में करीब 18 लाख 34 हजार रुपए ऑनलाइन ट्रेडिंग में जमा कर दिये थे। इस बार तनु अग्रवाल और उसके साथियों ने इंकम टैक्स, पैनाल्टी अथवा बैंक ट्रांसफर के नाम पर भी रकम जमा कराई थी। लेकिन बाद में उन्हें कुछ संदेह हुआ और उन्होनें चैट के माध्यम से कहा कि मुझे अभी तक मुनाफा नहीं मिला है, और अपनी 18 लाख से अधिक की रकम वापस लौटाने को कहा। इस पर आरोपियो ने रकम वापस पाने से 7 लाख 22 हजार रुपए और जमा कराने को कहा। फरियादी जब इंकार किया तब आरोपियो ने पैसा लौटाने से इंकार करते हुए तनु ने उन्हें डिजिटल गिरफ्तार की धमकी भी दी। ठगी का अहसास होते ही पवन अग्रवाल ने सायबर सेल में शिकायत दर्ज करा दी। वहां से जीरो पर केस दर्ज कर डायरी टीटी नगर थाने भेजी गई है। जुनेद / 14 जून