राज्य
14-Jun-2026


नई दिल्ली (ईएमएस)। दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने रविवार को यमुना नदी के 28 घाटों पर मां यमुना तट स्वच्छता अभियान का नेतृत्व किया। उन्होंने गीता कॉलोनी घाट पहुंचकर स्वच्छता अभियान में हिस्सा लिया। अभियान के दौरान सीएम ने नागरिकों, स्वयंसेवकों एवं विभिन्न संगठनों के प्रतिनिधियों को यमुना स्वच्छता का सामूहिक संकल्प भी दिलाया। दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने रविवार (14 जून) को यमुना घाट पर ‘मां यमुना नदी तट सफाई अभियान’ का नेतृत्व किया। सीएम की अगुवाई में सरकार ने यमुना को स्वच्छ, निर्मल और अविरल बनाने के संकल्प को जन आंदोलन का स्वरूप देने की दिशा में यमुना तट स्वच्छता अभियान 2026 के अंतर्गत राजधानी के 28 घाटों और तटीय क्षेत्रों पर एक साथ मेगा क्लीनिंग ड्राइव का आयोजन किया। इस दौरान दिल्ली सरकार के मंत्रियों, विधायकों और भाजपा कार्यकर्ताओं ने यमुना नदी के किनारे स्थित कई घाटों पर बड़े पैमाने पर सफाई अभियान चलाया। इस अभियान में अलग-अलग संगठनों के हजारों वालंटियर्स और पार्टी नेताओं ने भी हिस्सा लिया। सीएम रेखा गुप्ता ने स्वयं गीता कॉलोनी घाट पहुंचकर स्वच्छता अभियान में हिस्सा लिया। इस दौरान उन्होंने सफाई की और नागरिकों एवं स्वयंसेवकों के साथ मिलकर यमुना तट से कचरा हटाने के कार्य में सक्रिय सहभागिता निभाई। इस मौके पर सीएम ने कहा कि यमुना केवल एक नदी नहीं, बल्कि करोड़ों लोगों की आस्था, संस्कृति और जीवन का आधार है। उन्होंने कहा कि अगर हम यमुना को प्रदूषित करेंगे तो किसी भी प्रकार की पूजा-अर्चना का उद्देश्य पूर्ण नहीं हो सकता। अजीत झा/देवेन्द्र/नई दिल्ली/ईएमएस/14/ जून /2026