राजकोट (ईएमएस)| शहर के बाल संरक्षण गृह (ऑब्जर्वेशन होम) से कानून की चपेट में 11 किशोरों के रविवार सुबह सीसीटीवी और सुरक्षा जाली तोड़कर फरार हो जाने से हड़कंप मच गया। फरार हुए बच्चों में एक पाकिस्तानी किशोर भी शामिल था। हालांकि, वह कुछ समय बाद वापस लौट आया, जबकि 10 अन्य किशोर अब भी लापता हैं। पुलिस ने उनकी तलाश के लिए व्यापक खोज अभियान शुरू कर दिया है। घटना के बाद जिला कलेक्टर, डीसीपी समेत कई वरिष्ठ अधिकारी ऑब्जर्वेशन होम पहुंचे और मामले की जांच शुरू कर दी। जिला कलेक्टर ने कहा कि जिस तरीके से बच्चे फरार हुए हैं, उससे प्रथम दृष्टया यह सुनियोजित योजना का हिस्सा प्रतीत होता है। राजकोट के भक्तिनगर स्टेशन प्लॉट क्षेत्र स्थित ऑब्जर्वेशन होम में कानून से संघर्षरत किशोरों को रखा जाता है। वर्तमान में यहां कुल 54 किशोर रह रहे हैं, जिनमें एक पाकिस्तानी किशोर भी शामिल है। रविवार सुबह करीब 9 बजे 11 किशोर सुरक्षा व्यवस्था को धता बताते हुए सीसीटीवी और मजबूत लोहे की जाली तोड़कर फरार हो गए। इनमें शामिल पाकिस्तानी किशोर बाद में वापस लौट आया, जिससे प्रशासन ने राहत की सांस ली। हालांकि, 10 किशोर अब भी लापता हैं और उन्हें खोजने के लिए पुलिस एवं प्रशासन की टीमें लगातार अभियान चला रही हैं। सतीश/14 जून