राज्य
14-Jun-2026


भोपाल (ईएमएस)। विदिशा जिले के थाना हैदरगढ़ क्षेत्र में डायल-112 जवानों की संवेदनशीलता एवं त्वरित कार्यवाही से एक प्रसूता महिला को समय पर अस्पताल पहुँचाकर आवश्यक चिकित्सकीय सहायता उपलब्ध कराई गई। आपातकालीन स्थिति में मिली इस सहायता से महिला को समय पर उपचार मिल सका। 13 जून को राज्य स्तरीय पुलिस कंट्रोल रूम डायल-112 भोपाल को सूचना प्राप्त हुई कि थाना हैदरगढ़ क्षेत्र अंतर्गत ग्राम कोलुआ जागीर में एक महिला की घर पर डिलीवरी हो चुकी है तथा उसे तत्काल चिकित्सकीय उपचार की आवश्यकता है। सूचना प्राप्त होते ही थाना हैदरगढ़ क्षेत्र में तैनात डायल-112 वाहन को तत्काल मौके के लिए रवाना किया गया। डायल-112 टीम के सउनि घनश्याम शास्ता एवं आरक्षक रूपेश कुर्मी मौके पर पहुँचे और प्रसूता महिला को सुरक्षित डायल 112 वाहन से तत्काल प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (पीएचसी) हैदरगढ़ पहुँचाया। डायल-112 जवानों की तत्परता एवं मानवीय संवेदनशीलता के कारण प्रसूता महिला को समय पर चिकित्सा सुविधा मिल सकी। डायल-112 हीरोज श्रृंखला की यह घटना दर्शाती है कि डायल-112 सेवा केवल आपातकालीन सहायता तक सीमित नहीं है, बल्कि मानवीय संवेदनाओं के साथ नागरिकों के जीवन एवं स्वास्थ्य की सुरक्षा सुनिश्चित करते हुए हर परिस्थिति में सहायता पहुँचाने का कार्य निरंतर कर रही है। हरि प्रसाद पाल /14 जून, 2026