राज्य
14-Jun-2026


नोएडा (ईएमएस)। नोएडा के महामाया फ्लाईओवर के पास रविवार को एक तेज रफ्तार प्राइवेट स्लीपर बस डिवाइडर से टकराकर पलट गई, जिससे 14 यात्री घायल हो गए। बस फर्रुखाबाद से दिल्ली जा रही थी। मौके पर पहुंची पुलिस और बचाव दल ने फंसे यात्रियों को सुरक्षित निकाला और घायलों को तुरंत इलाज के लिए पास के अस्पताल में भर्ती कराया। गौतमबुद्ध नगर जिले के नोएडा में रविवार को एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। थाना फेस-1 क्षेत्र में महामाया फ्लाईओवर के पास फर्रुखाबाद से दिल्ली जा रही एक तेज रफ्तार स्लीपर बस अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई और पलट गई। हादसे के बाद बस में सवार यात्रियों के बीच चीख-पुकार मच गई। हादसे में 14 यात्री घायल हो गए, जिन्हें तत्काल इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बस तेज गति से दिल्ली की ओर जा रही थी। महामाया फ्लाईओवर से आगे गंदे नाले से पहले अचानक बस अनियंत्रित हो गई और डिवाइडर से टकराई हुए पटल गई। हादसा इतना जोरदार था कि बस के चारों टायर निकल गए और बस बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे की सूचना मिलते ही थाना फेस-1 पुलिस, ट्रैफिक पुलिस और राहत-बचाव टीम मौके पर पहुंच गई। बस के पलटने के कारण कई यात्री उसके अंदर फंस गए थे। पुलिस और स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को बाहर निकाला गया। मौके पर अफरा-तफरी का माहौल था और घायल यात्री मदद के लिए पुकार रहे थे। अजीत झा/देवेन्द्र/नई दिल्ली/ईएमएस/14/ जून /2026