इन्दौर (ईएमएस) जिला जेल परिसर की खाली जमीन को पानी सहेजने के लिए विकसित किया जा रहा है, जिसके बाद जेल अब कैदियों के सुधार के साथ-साथ जल संरक्षण का भी बड़ा केंद्र बन जाएगी। जेल परिसर की खाली जमीन पर तालाब बनाने की इस अनोखी पहल की शुरुआत क्षेत्रीय विधायक महेंद्र हार्डिया ने की है और अब वहां जनप्रतिनिधि, नगर निगम की टीम और जेल के कैदी मिलकर तालाब खोदने का काम कर रहे हैं। बारिश के पानी को बर्बाद होने से बचाने और उसे जमीन के अंदर पहुंचाकर भूजल स्तर को सुधारने के उद्देश्य से किया जा रहा यह प्रयास न केवल पानी की कमी को दूर करने में मददगार होगा, बल्कि कैदियों को भी पर्यावरण के प्रति सकारात्मक जिम्मेदारी से जोड़ेगा। आनंद पुरोहित/ 14 जून 2026