राज्य
14-Jun-2026


नई दिल्ली (ईएमएस)। ईओडब्ल्यू ने रियल एस्टेट घोटाले में सालों से फरार चल रहे घोषित अपराधी शिव नंदन सिंह यादव को गिरफ्तार कर लिया है। वह 7 सालों से पुलिस को चकमा दे रहा था। दिल्ली पुलिस की आर्थिक अपराध शाखा ने रियल एस्टेट घोटाले में सालों से फरार चल रहे घोषित अपराधी शिव नंदन सिंह यादव को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी साल 2019 से कानून की गिरफ्त से बचता फिर रहा था और वर्ष 2023 में अदालत ने उसे घोषित अपराधी करार दिया था। दिल्ली पुलिस की जांच के मुताबिक, आरोपियों ने ग्लोब रियल्टी प्राइवेट लिमिटेड के जरिए साल 2013 में हरियाणा के ग्रेटर फरीदाबाद के तिलोरी खादर गांव में कृष्ण कुंज टाउनशिप नाम से आवासीय परियोजना लॉन्च की थी। लोगों को आधुनिक सुविधाओं से लैस विकसित कॉलोनी का सपना दिखाया गया और आकर्षक विज्ञापनों के जरिए निवेश के लिए प्रेरित किया गया। कंपनी ने करीब 10.26 एकड़ भूमि पर 496 रिहायशी प्लॉट विकसित करने का दावा किया था, लेकिन जांच में सामने आया कि परियोजना के लिए आवश्यक वैध और पर्याप्त जमीन कंपनी के पास थी ही नहीं। इसके बावजूद लोगों से प्लॉट बुकिंग के नाम पर बड़ी रकम वसूली जाती रही। दिल्ली पुलिस के मुताबिक, कंपनी और उसके निदेशकों ने निवेशकों को झूठे आश्वासन देकर उनकी मेहनत की कमाई हासिल की। करोड़ों रुपये जुटाने के बाद न तो प्लॉट सौंपे गए और न ही परियोजना को पूरा किया गया। इससे बड़ी संख्या में निवेशकों को भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा। अजीत झा/देवेन्द्र/नई दिल्ली/ईएमएस/14/ जून /2026