राज्य
14-Jun-2026


नई दिल्ली (ईएमएस)। दिल्ली-एनसीआर में बारिश से राहत के बाद उमस लोगों की मुश्किलें बढ़ा सकती है। इसके लिए मौसम विभाग ने अलर्ट जारी किया है। राष्ट्रीय राजधानी में हाल में हुई बारिश ने लोगों को भीषण गर्मी से काफी राहत दिलाई हालांकि, मौसम विशेषज्ञों ने चेतावनी दी कि आने वाले दिनों में दिल्लीवासियों को उमस का सामना करना पड़ सकता है। एक पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव के कारण मौसम का मिजाज बदला हुआ है। विशेषज्ञों का कहना है कि जैसे-जैसे इसका प्रभाव कमजोर होगा और दिल्ली से दूर जाएगा, रविवार (14 जून) से इसका असर कम होने लगेगा। मौसम विशेषज्ञों के अनुसार, आने वाले दिनों में अधिकतम तापमान में धीरे-धीरे बढ़ोतरी होने का अनुमान है। आईएमडी ने रविवार के लिए आंशिक रूप से बादल छाए रहने, गरज के साथ बिजली चमकने का अनुमान जताया है। मौसम विभाग ने बताया कि फिलहाल किसी भी तरह की गंभीर मौसम चेतावनी जारी नहीं की गई है। दिल्ली-एनसीआर में रविवार सुबह 6 बजे से तापमान 28 डिग्री के करीब बना हुआ है। आसमान पूरी तरह साफ नजर आ रहा है। फिलहाल राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र में बारिश की कोई संभावना नहीं है। मौसम में 72 प्रतिशत नमी बनी रहेगी। दिल्ली-एनसीआर में 2 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने की उम्मीद है। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के आंकड़ों के अनुसार, शनिवार शाम छह बजे शहर में वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 111 दर्ज किया गया, जो ‘संतोषजनक’ श्रेणी के अंतर्गत है। सीपीसीबी के अनुसार, एक्यूआई शून्य से 50 के बीच ‘अच्छा’, 51 से 100 ‘संतोषजनक’, 101 से 200 ‘मध्यम’, 201 से 300 ‘खराब’, 301 से 400 ‘बहुत खराब’ और 401 से 500 ‘गंभीर’ श्रेणी में माना जाता है। अजीत झा/देवेन्द्र/नई दिल्ली/ईएमएस/14/ जून /2026