राष्ट्रीय
14-Jun-2026


-ईमेल मिलने के बाद सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट, पुलिस ने दर्ज की एफआईआर कन्नूर,(ईएमएस)। केरल के कन्नू इंटरनेशनल एयरपोर्ट को बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद सुरक्षा एजेंसियां और पुलिस अलर्ट मोड पर आ गईं। हालांकि, हवाई अड्डे और संबंधित विमानों की व्यापक जांच के बाद यह धमकी पूरी तरह झूठी साबित हुई। मामले में मट्टनूर पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार शनिवार दोपहर एयरपोर्ट प्रशासन और दो विमानन कंपनियों की कई आधिकारिक ईमेल आईडी पर एक धमकी भरा ईमेल प्राप्त हुआ। ईमेल में दावा किया गया था कि हवाई अड्डे पर विस्फोटक लगाए गए हैं और जल्द ही बम विस्फोट किया जाएगा। धमकी मिलने के बाद एयरपोर्ट सुरक्षा एजेंसियों, बम निरोधक दस्ते और पुलिस ने तत्काल सुरक्षा प्रोटोकॉल लागू किया। पूरे हवाई अड्डे परिसर, टर्मिनल भवनों और संबंधित विमानों की गहन तलाशी ली गई। कई घंटों तक चली जांच के दौरान कोई संदिग्ध वस्तु या विस्फोटक सामग्री नहीं मिली, जिसके बाद अधिकारियों ने धमकी को फर्जी घोषित कर दिया। एयरपोर्ट के सहायक प्रबंधक की शिकायत पर पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस), सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम और केरला पुलिस एक्ट की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि धमकी भरा ईमेल एक जीमेल अकाउंट से भेजा गया था। ईमेल भेजने वाले अज्ञात व्यक्ति की पहचान करने के लिए साइबर जांच शुरू कर दी गई है। हिदायत/ईएमएस 14जून26