* 1.43 करोड़ से अधिक आगंतुकों ने किया विज्ञान का अनुभव, देश के अग्रणी विज्ञान केंद्र के रूप में स्थापित हुई साइंस सिटी * एक्वेटिक, स्पेस, रोबोटिक्स और आईमैक्स 3डी जैसी विश्वस्तरीय गैलरियों ने बनाया ज्ञान, नवाचार और मनोरंजन का अनूठा संगम * एविएशन-डिफेंस और ह्यूमन बायोलॉजिकल साइंस जैसी नई गैलरियों के साथ वैश्विक विज्ञान हब बनने की ओर अग्रसर गुजरात साइंस सिटी गांधीनगर (ईएमएस)| प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व के 12 वर्ष सफलतापूर्वक पूर्ण होने के अवसर पर गुजरात में हुए अभूतपूर्व विकास कार्यों में अहमदाबाद स्थित ‘गुजरात साइंस सिटी’ एक गौरवशाली और प्रेरणादायक उपलब्धि के रूप में उभरा है। विज्ञान और टेक्नोलॉजी को समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचाने के प्रधानमंत्री के विजन के परिणामस्वरूप आज गुजरात साइंस सिटी देश के अग्रणी विज्ञान केंद्रों में सर्वोच्च स्थान रखता है। विश्वस्तरीय सुविधाओं के साथ यह केंद्र आज ज्ञान, नवाचार और प्रगति का वैश्विक प्रतीक बन गया है। वर्ष 2006 से मई 2026 तक लगभग 1.43 करोड़ से अधिक विज्ञान प्रेमियों तथा विद्यार्थियों ने साइंस सिटी का दौरा कर विज्ञान को नजदीक से समझने, अनुभव करने और सीखने का प्रयास किया है। अहमदाबाद स्थित ‘गुजरात साइंस सिटी’ की स्थापना 10 अगस्त 1999 को की गई थी। नरेन्द्र मोदी के गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में कार्यकाल के दौरान शुरू किए गए आधुनिकीकरण और विस्तार के भगीरथ प्रयासों से इस संस्था की विकास यात्रा को और अधिक गति मिली। विज्ञान को केवल पुस्तकों तक सीमित न रखते हुए उसे अनुभव-आधारित और रोचक बनाने के दृष्टिकोण के साथ साइंस सिटी को सतत नई दिशा दी गई है। आज यह संस्था केवल विज्ञान के प्रदर्शन का केंद्र नहीं है, बल्कि विद्यार्थियों, शोधकर्ताओं, शिक्षकों और परिवारों के लिए प्रेरणा का एक सशक्त माध्यम बन गई है। प्रधानमंत्री के रूप में नरेन्द्र मोदी ने पहली बार 9 जनवरी 2017 को नोबेल प्राइज सीरीज कार्यक्रम के दौरान तथा दूसरी बार 27 सितंबर 2023 को वाइब्रेंट गुजरात की सक्सेस समिट के दौरान ‘गुजरात साइंस सिटी’ का दौरा किया था। इस यात्रा के दौरान उन्होंने केंद्र के वैश्विक स्तर के विकास के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण और मार्गदर्शक सुझाव दिए थे, जिन्हें आज गुजरात सरकार साकार कर रहीं हैं। मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल के मार्गदर्शन तथा विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी मंत्री अर्जुन मोढवाडिया के सतत प्रयासों से आगामी समय में साइंस सिटी में एविएशन एंड डिफेंस गैलरी, ह्यूमन एंड बायोलॉजिकल साइंस गैलरी तथा अनलीशिंग द डिजिटल फ्यूचर गैलरी जैसे अंतरराष्ट्रीय स्तर के वैज्ञानिक आकर्षणों का समावेश होने जा रहा है। विद्यार्थियों और विज्ञान प्रेमियों के लिए प्रमुख आकर्षण एक्वेटिक गैलरी : * एक्वेटिक गैलरी भारत के सबसे बड़े मछली घरों में से एक है, जिसमें 68 टैंक और 188 प्रजातियां देखने को मिलती हैं। * इस एक्वेरियम में 11,600 से अधिक मछलियां तथा शार्क भी मौजूद हैं। यहां 28 मीटर लंबी शार्क टनल भी स्थित है। * इस गैलरी में इंडियन जोन, एशियन जोन और अफ्रीकन जोन सहित 10 विभिन्न समुद्री क्षेत्रों का निर्माण किया गया है। इसके अलावा यहां अफ्रीकन पेंगुइन का आकर्षक प्रदर्शन तथा आधुनिक 5डी थिएटर की सुविधा भी उपलब्ध है। एस्ट्रोनॉमी एंड स्पेस साइंस गैलरी * इस गैलरी का निर्माण 12,797 वर्ग मीटर क्षेत्र में सौरमंडल की थीम पर किया गया है। * इस गैलरी में 172 सीटों वाला हाइब्रिड प्लैनेटोरियम, स्पेस ऑब्जर्वेशन के लिए टेलीस्कोप युक्त विशेष केंद्र तथा 150 से अधिक अद्भुत प्रदर्शनी सामग्री मौजूद हैं। रोबोटिक्स गैलरी * 11,000 वर्ग मीटर में फैली इस गैलरी में 79 प्रकार के कुल 202 रोबोट देखने को मिलते हैं। * इस गैलरी में मानव जैसे दिखने वाले ह्यूमनॉइड रोबोट, एक अत्याधुनिक वीआर/एआर गैलरी तथा एक रोबो कैफे मौजूद है, जहां रोबोट शेफ द्वारा भोजन तैयार किया जाता है और रोबोट वेटर द्वारा परोसा जाता है। आईमैक्स 3डी थिएटर * इस थिएटर में रोमांचक 3डी अनुभव का आनंद लिया जा सकता है। * थिएटर में हबल 3डी, स्पेस स्टेशन, मैग्निफिसेंट डेसोलेशन: वॉकिंग ऑन द मून तथा टी-रेक्स : बैक टू द क्रेटेशियस जैसी फिल्मों का प्रदर्शन किया जाता है। मल्टीमीडिया लेजर और फाउंटेन शो * इस म्यूजिकल फाउंटेन में 36×16 मीटर की वॉटर स्क्रीन तथा 16×9 मीटर की दो स्क्रीन का उपयोग कर 70 मीटर लंबे आकर्षक 3डी प्रोजेक्शन के माध्यम से दर्शकों को एक अद्भुत और रोमांचक अनुभव प्रदान किया जाता है। प्लैनेट अर्थ * यह गैलरी आगंतुकों को भूकंप और ज्वालामुखी जैसी प्राकृतिक आपदाओं, मानव शरीर की संरचना, जैव विविधता तथा पृथ्वी पर जीवन के विकास के बारे में रोचक जानकारी प्रदान करती है। * इसके साथ ही यहां भूमिगत कोयला खदान का मॉडल तथा एक 4डी थिएटर भी देखने को मिलता है। नेचर पार्क * 20 एकड़ में फैले इस पार्क में वॉकिंग और जॉगिंग ट्रैक, मिस्ट फॉरेस्ट (धुंध से आच्छादित जंगल), बटरफ्लाई गार्डन, ओपन जिम, चेस गार्डन तथा योगा गार्डन जैसी सुविधाएं उपलब्ध हैं। * यहां विलुप्त हो चुके प्राणियों की 15 प्रतिमाएं भी स्थापित की गई हैं, जिनमें मैमथ, टेरर बर्ड और सेबर-टूथ लायन जैसे जीव शामिल हैं। एनर्जी एजुकेशन पार्क * यह पार्क ऊर्जा संरक्षण और घटते प्राकृतिक संसाधनों के प्रति आगंतुकों में जागरूकता पैदा करता है। * यहां की प्रदर्शनी प्राचीन भारतीय दर्शन के पांच मूलभूत तत्वों; तेज, मरुत, अप, क्षिति और व्योम पर आधारित है। लाइफ साइंस पार्क * इस पार्क में एक नदी तंत्र, बटरफ्लाई पार्क, पक्षीघर (एवियरी), उड़ान न भर सकने वाले पक्षियों का केंद्र तथा एक टिश्यू कल्चर प्रयोगशाला स्थापित है। हॉल ऑफ साइंस और हॉल ऑफ स्पेस * हॉल ऑफ साइंस एक विशाल ओपन लैबोरेटरी है, जहां आगंतुक स्वयं प्रयोग करके प्रकाश, दृष्टि, गति विज्ञान और ध्वनि के सिद्धांतों को रोचक तरीके से समझ सकते हैं। * हॉल ऑफ स्पेस : इस विभाग में आगंतुकों के लिए मंगल ग्रह की रोमांचक यात्रा का अनुभव कराने वाली ‘मिशन टू मार्स’ विशेष सिम्युलेटेड राइड उपलब्ध है। साइंस सिटी की विकास यात्रा के नए मील के पत्थर साइंस सिटी की वैश्विक लोकप्रियता और वैज्ञानिक समृद्धि को और बढ़ाने के उद्देश्य से प्रथम चरण में दो नई भव्य गैलरियों का निर्माण कार्य जारी है, जो विज्ञान जगत में गुजरात के लिए एक बड़ी उपलब्धि के समान होंगी। एविएशन एंड डिफेंस गैलरी * इस गैलरी के माध्यम से आगंतुकों को देश की आधुनिक रक्षा तकनीकों, सैन्य हथियारों, विमान विज्ञान (एविएशन) तथा आकाश में मानव की प्रगति का रोमांचक अनुभव प्राप्त होगा। ह्यूमन एंड बायोलॉजिकल साइंस गैलरी * यह गैलरी मानव शरीर की जटिल आंतरिक संरचना, जैविक विज्ञान के विभिन्न पहलुओं तथा भविष्य की चिकित्सा और वैज्ञानिक संभावनाओं के बारे में अत्यंत इंटरैक्टिव डिजिटल माध्यमों से ज्ञान प्रदान करेगी। आगंतुकों के लिए अन्य आकर्षण * विज्ञान भवन एक सम्पूर्ण एयर-कंडीशन्ड पीईबी भवन है, जिसमें एलईडी स्क्रीन, विशाल मंच तथा लगभग 5,000 दर्शकों के बैठने की क्षमता उपलब्ध है। साइंस ड्रामा और मैजिक शो के आयोजन के लिए 1,200 दर्शकों की क्षमता वाला एक ओपन-एयर थिएटर भी यहां स्थित है। नोबेल डोम 500 सीटों की क्षमता वाला एक एयर कंडीशन्ड भवन है, जिसे विशेष रूप से ट्रैवलिंग एग्जीबिशन और वैज्ञानिक वर्कशॉप के लिए तैयार किया गया है। विशेष रूप से बच्चों के लिए विकसित चिल्ड्रन एक्टिविटी सेंटर प्रायोगिक गतिविधियों, भौतिक विज्ञान के प्रयोगों तथा रासायनिक प्रक्रियाओं को सीखने के लिए एक अनूठा केंद्र है। यहां 30 सीटों वाली एक सिम्युलेटर थ्रिल राइड भी उपलब्ध है, जो आगंतुकों को रोलर कोस्टर की सवारी, डायनो सफारी तथा एरोबैटिक विमान उड़ाने का रोमांचक अनुभव प्रदान करती है। महानुभावों एवं आगंतुकों की प्रतिक्रियाएं आशीष सोनी, वैज्ञानिक/इंजीनियर, एसएसी : इसरो मेरे लिए विज्ञान और अंतरिक्ष हमेशा से जिज्ञासा का विषय रहे हैं। यहां जिस प्रकार ‘एस्ट्रोनॉमी एंड स्पेस साइंस गैलरी’ का विकास किया गया है, वह प्रत्येक व्यक्ति और विशेष रूप से विद्यार्थियों की ज्ञान-पिपासा को संतुष्ट करता है। प्राचीन अंतरिक्ष विज्ञान से लेकर आज के आधुनिक विश्व और भविष्य की अंतरिक्ष यात्रा तक की सभी जानकारियां इस गैलरी में समाहित की गई हैं। इस गैलरी का भ्रमण करके मुझे अत्यंत प्रसन्नता हुई है और अहमदाबाद में हमारी अपनी साइंस सिटी में इतनी भव्य सुविधा उपलब्ध होने पर मुझे गर्व महसूस होता है। भविष्य के लिए मेरी हार्दिक शुभकामनाएं हैं। यह लिखते हुए मुझे अत्यंत खुशी हो रही है कि आप वास्तव में सभी के ज्ञान में वृद्धि कर रहे हैं। दीपेश केडिया, आईएएस (भारतीय प्रशासनिक सेवा) स्पेस गैलरी की यह मेरी पहली यात्रा थी और इसका अनुभव मेरी कल्पना से भी कहीं अधिक अद्भुत रहा। मैं यह अनुशंसा करता हूं कि राज्य के प्रत्येक विद्यार्थी को प्लैनेटेरियम का अनुभव अवश्य कराया जाना चाहिए, क्योंकि यह पूरे ब्रह्मांड के इतिहास को अत्यंत संक्षिप्त और प्रभावशाली तरीके से प्रस्तुत करता है। यहां के शिक्षकों ने भी विभिन्न जटिल विषयों को बहुत सरलता से समझाया। इस गैलरी के विकासकर्ताओं को मेरी हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं। गिरीश कामदार – आगंतुक साइंस सिटी की हमारी यात्रा का अनुभव अत्यंत अद्भुत रहा। बच्चों के लिए यह एक बहुत ही शैक्षणिक और ज्ञानवर्धक स्थान है। मेरा मानना है कि प्रत्येक माता-पिता को अपने बच्चों के साथ यहां अवश्य आना चाहिए, ताकि वे सीखने के साथ-साथ विज्ञान को नजदीक से समझ और अनुभव कर सकें। चंद्रेश रांदेरिया : आगंतुक हमने हाल ही में गुजरात साइंस सिटी का भ्रमण किया और हमारा अनुभव अत्यंत अद्भुत रहा। यहां की सभी सुविधाएं उत्कृष्ट थीं तथा पूरे परिसर का संचालन बहुत व्यवस्थित ढंग से किया गया था। विशेष रूप से 5D शो वास्तव में अद्भुत और मनोरंजक था। हम वहां के दो स्टाफ सदस्यों का विशेष रूप से धन्यवाद करना चाहते हैं, जिन्होंने अत्यंत विनम्रता के साथ हमारी सहायता की। उनके सहयोग और मार्गदर्शन से हमारा अनुभव और भी सुखद बन गया। इस उत्कृष्ट आतिथ्य के लिए हम हृदय से आभार व्यक्त करते हैं। परिवार और मित्रों के साथ घूमने के लिए यह उत्तम स्थान है। आशीष – आगंतुक यहां प्रवेश करने से पहले हमने कभी कल्पना भी नहीं की थी कि यह स्थान इतना अद्भुत होगा। किसी को भी यहां आने का अवसर नहीं चूकना चाहिए। यहां से हमें बहुत कुछ नया जानने और सीखने को मिलता है। आज गुजरात साइंस सिटी नए भारत के विकास विजन का एक जीवंत उदाहरण है। दूरदर्शी नेतृत्व, सुदृढ़ योजना और निरंतर विकास के परिणामस्वरूप साइंस सिटी ने सफलता की जो गौरवगाथा रची है, वह गुजरात मॉडल की एक गौरवशाली उपलब्धि है।गुजरात साइंस सिटी, अहमदाबाद द्वारा जारी जानकारी में उल्लेख किया गया है कि आने वाले समय में नई गैलरियों और आधुनिक परियोजनाओं के साथ साइंस सिटी विज्ञान प्रसार और जनजागरूकता के क्षेत्र में और भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी तथा लाखों युवाओं को विज्ञान के प्रति प्रेरित करती रहेगी। सतीश/14 जून