-पंजाब मेल को पटरी से उतारने की जताई जा रही आशंका -लोको पायलट की सतर्कता से टला बड़ा हादसा लखनऊ,(ईएमएस)। उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में एक बार फिर रेलवे ट्रैक पर संदिग्ध वस्तु मिलने से बड़ा रेल हादसा टल गया। कैंट क्षेत्र के दिलकुशा ब्लॉक हट के पास अमृतसर से हावड़ा जा रही पंजाब मेल के आने से पहले रेल पटरी पर लगभग 50 किलोग्राम वजनी लोहे का चौखट रखा मिला। लोको पायलट की सतर्कता के चलते समय रहते इमरजेंसी ब्रेक लगाए गए, जिससे संभावित दुर्घटना टल गई। जानकारी के अनुसार शुक्रवार दोपहर करीब दो बजे ट्रेन जब दिलकुशा क्षेत्र से गुजर रही थी, तभी लोको पायलट की नजर ट्रैक पर रखे भारी लोहे के चौखट पर पड़ी। उन्होंने तत्काल इमरजेंसी ब्रेक लगा दिए। हालांकि ट्रेन की गति के कारण इंजन चौखट से टकरा गया और वह इंजन के नीचे फंस गया। घटना की सूचना तुरंत रेलवे अधिकारियों और सुरक्षा एजेंसियों को दी गई। मौके पर पहुंचे रेलवे अधिकारियों और आरपीएफ की टीम ने चौखट को ट्रैक से हटाकर कब्जे में ले लिया। इसके बाद रेल यातायात को सामान्य किया गया। इस मामले में रेलवे कर्मचारी राजकिशोर मिश्र की शिकायत पर कैंट थाने में रेलवे अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस आसपास के क्षेत्रों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और सर्विलांस टीम भी जांच में जुटी हुई है। गौरतलब है कि लखनऊ मंडल में पिछले डेढ़ वर्ष के दौरान रेलवे ट्रैक पर बाधाएं रखे जाने की कई घटनाएं सामने आ चुकी हैं। मल्हौर, उतरेटिया और मलिहाबाद क्षेत्रों में भी पहले ट्रैक पर लोहे के ढांचे, दरवाजे, लकड़ियां और पत्थर रखे जाने की घटनाएं हुई थीं। हालांकि हर बार लोको पायलटों की सतर्कता और रेलवे की त्वरित कार्रवाई से बड़े हादसे टल गए। फिलहाल पुलिस, रेलवे सुरक्षा बल और खुफिया एजेंसियां संयुक्त रूप से मामले की जांच कर रही हैं और दोषियों की पहचान के प्रयास जारी हैं। हिदायत/ईएमएस 14जून26