राष्ट्रीय
14-Jun-2026


-डंपर और डीसीएम की टक्कर में कई मजदूर घायल, तीन मजदूरों की हालत गंभीर जालौन,(ईएमएस)। उत्तर प्रदेश के जालौन जिले में बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे पर रविवार सुबह एक भीषण सड़क हादसा हो गया। मजदूरों से भरी एक डीसीएम गाड़ी और डंपर के बीच हुई जोरदार टक्कर में कई मजदूर घायल हो गए, जिनमें तीन की हालत गंभीर बताई जा रही है। घायलों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस के अनुसार हादसा रविवार सुबह करीब आठ बजे हुआ। मजदूरों का एक दल डीसीएम वाहन में सवार होकर अलीगढ़ से महुआ की ओर जा रहा था। इसी दौरान बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे पर एक डंपर से उनकी गाड़ी की आमने-सामने की टक्कर हो गई। टक्कर इतनी तेज थी कि डीसीएम वाहन का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और उसमें सवार मजदूर घायल हो गए। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और राहत-बचाव दल मौके पर पहुंच गया। अधिकारियों ने स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को वाहन से बाहर निकाला और तत्काल अस्पताल पहुंचाया। इनमें से तीन मजदूरों की हालत गंभीर है और स्थिर बनी हुई है। उन्हें बेहतर इलाज के लिए उरई के सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जबकि अन्य घायलों का भी उपचार चल रहा है। हादसे के बाद कुछ समय के लिए एक्सप्रेसवे पर यातायात प्रभावित रहा, हालांकि पुलिस ने क्षतिग्रस्त वाहनों को हटवाकर यातायात को सामान्य करा दिया। दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार और वाहन नियंत्रण खोने की आशंका सामने आई है, हालांकि दुर्घटना के वास्तविक कारणों का पता विस्तृत जांच के बाद ही चल सकेगा। प्रशासन ने घायलों के समुचित उपचार की व्यवस्था करने के निर्देश दिए हैं। हिदायत/ईएमएस 14जून26