राष्ट्रीय
14-Jun-2026


नई दिल्ली(ईएमएस)। अगर पिछले कुछ दिनों में आपके स्मार्टफोन पर अचानक से कोई तेज आवाज वाला सायरन बजा है और स्क्रीन पर एक इमरजेंसी अलर्ट का मैसेज फ्लैश हुआ है, तो अब ऐसा कुछ समय के लिए नहीं होगा। भारत सरकार ने इस सेल ब्रॉडकास्ट अलर्ट सिस्टम को फिलहाल के लिए रोक दिया है। राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के अधिकारियों ने जानकारी दी है कि इस सर्विस को अस्थायी तौर पर सस्पेंड किया जा रहा है। आइए जानते हैं कि यह सर्विस क्या थी, इसे क्यों रोका गया और यह सामान्य एसएमएस से कैसे अलग है। यह एक खास तरह का अलर्ट सिस्टम है, जिसे सरकार ने मई महीने में ही ऑफिशियली लॉन्च किया था। इसका मुख्य काम किसी भी प्राकृतिक आपदा के समय लोगों को तुरंत अलर्ट करना है, ताकि वे सुरक्षित स्थानों पर जा सकें। हाल ही में उत्तर भारत में आए तूफान के दौरान कई लोगों को इसके जरिए अलर्ट भेजे गए थे। इस सिस्टम के तहत फोन की स्क्रीन पर सबसे ऊपर एक पॉपअप मैसेज आता है और साथ में एक तेज अलार्म बजता है, जो आपका ध्यान तुरंत खींच लेता है। विनोद उपाध्याय / 14 जून, 2026