राज्य
14-Jun-2026


-उमरिया में टाइगर रिजर्व टीम अलर्ट पर, चार हाथियों से बाघ की हो रही निगरानी उमरिया(ईएमएस)। बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व के पनपथा बफर परिक्षेत्र के कुदरी जंगल में बाघ के हमले में दो लोगों की मौत के बाद वन विभाग पूरी तरह सतर्क हो गया है। शुक्रवार को एक महिला और शनिवार को एक युवक की मौत की घटनाओं के बाद इलाके में निगरानी और बढ़ा दी गई है। बाघ की गतिविधियों पर नजर रखने के लिए टाइगर प्रोटेक्शन फोर्स के दस से अधिक जवानों की तैनाती की गई है। जंगल और आसपास के क्षेत्रों में ट्रैप कैमरे लगाए गए हैं ताकि बाघ की लोकेशन और मूवमेंट की जानकारी मिल सके। स्थिति को देखते हुए कुदरी जंगल और आसपास के गांवों में चार हाथियों को तैनात किया गया है। इन हाथियों की मदद से वन विभाग की टीम लगातार गश्त कर रही है और बाघ की निगरानी कर रही है। ग्रामीणों को जंगल में न जाने और सतर्क रहने की सलाह दी गई है। बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व के उपनिदेशक युवान कटारा ने बताया कि हाथियों की मदद से निगरानी की जा रही है और वन विभाग की टीम क्षेत्र में लगातार मौजूद है। स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है। विनोद उपाध्याय / 14 जून, 2026