राज्य
14-Jun-2026


खंडवा(ईएमएस)। खंडवा जिले के चांदगढ़ वन परिक्षेत्र में शनिवार रात अज्ञात वाहन की टक्कर से एक वयस्क तेंदुए की मौत हो गई। पुनासा-सतवास (खंडवा-भोपाल हाईवे) मार्ग पर हनुमान मंदिर के पास सडक़ पार करते समय यह हादसा हुआ। पिछले 5 दिनों के भीतर इसी रेंज में तेंदुए की मौत की यह दूसरी घटना है, जिससे वन विभाग में हडक़ंप मच गया है। घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग का अमला मौके पर पहुंचा और शव को अपने कब्जे में लेकर सुरक्षित रखवाया। अधिकारी देर रात तक मौके पर मौजूद रहे। वन विभाग के अनुसार, इंदौर से विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम बुलाई गई है। टीम के पहुंचने के बाद तेंदुए का पोस्टमार्टम कराया जाएगा, जिसके बाद वन विभाग के नियमों के तहत उसका अंतिम संस्कार होगा। विनोद उपाध्याय / 14 जून, 2026