क्षेत्रीय
14-Jun-2026
...


ग्वालियर ( ईएमएस ) | सरकार का प्रयास है कि शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम छोर पर खड़े व्यक्ति तक पहुंचे। साथ ही जनसमस्याओं का त्वरित समाधान हो। इसी उद्देश्य से प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में सेवा, सुशासन एवं गरीब कल्याण के लिये समर्पित 12 स्वर्णिम वर्षों के उपलक्ष्य में प्रदेश सरकार द्वारा जनकल्याण शिविर लगाए जा रहे हैं। इस आशय के विचार सामाजिक न्याय, दिव्यांगजन सशक्तिकरण एवं उद्यानिकी व खाद्य प्रसंस्करण मंत्री नारायण सिंह कुशवाह ने व्यक्त किए। मंत्री श्री कुशवाह ग्वालियर दक्षिण विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत रविवार को आयोजित हुए जनकल्याण शिविर में मौजूद आम नागरिकों को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि ग्वालियर दक्षिण विधानसभा क्षेत्र की सभी बस्तियों की समस्याओं के समाधान के लिये जोनवार व वार्डवार शिविर भी लगाए जायेंगे। शिविर में केन्द्र व राज्य सरकार की विभिन्न योजनाओं के तहत 1867 जरूरतमंदों को लाभान्वित कराया गया। ढोलीबुआ का पुल के समीप स्थित नगर निगम के क्षेत्रीय कार्यालय क्रमांक-17 में यह शिविर आयोजित हुआ। कार्यक्रम में भाजपा जिला अध्यक्ष श्री जयप्रकाश राजौरिया, नगर निगम सभापति श्री मनोज तोमर व जीडीए के उपाध्यक्ष श्री सुधीर गुप्ता सहित अन्य जनप्रतिनिधिगण व क्षेत्रीय पार्षदगण मौजूद थे। शिविर में नगर निगम के जोन क्रमांक 15 से 21 एवं जोन 24 व 25 की विभिन्न बस्तियों में निवासरत लोगों की समस्याओं का समाधान किया गया। साथ ही सरकार की विभिन्न योजनाओं के तहत हितलाभ भी वितरित किए। मंत्री श्री कुशवाह सहित अन्य अतिथिगणों से मंच से प्रतीक स्वरूप विभिन्न योजनाओं के तहत हितग्राहियों को स्वीकृति पत्र सौंपे। श्री कुशवाह ने शिविर के विभिन्न काउण्टर पर पहुँचकर समस्याओं के निराकरण की प्रक्रिया देखी। साथ ही शिविर स्थल पर जनकल्याण के 12 वर्ष के उपलक्ष्य में लगाई गई प्रदर्शनी का भी अवलोकन किया। आरंभ में श्री कुशवाह सहित अन्य अतिथियों ने दीप प्रज्ज्वलन कर शिविर का शुभारंभ किया। मंत्री श्री नारायण सिंह कुशवाह ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में प्रदेश सरकार द्वारा आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों को भरपूर आर्थिक मदद उपलब्ध कराई जा रही है। उन्होंने कहा सरकार का प्रयास है कि जिस पात्र व्यक्ति का पैसा है उस तक वह पैसा पहुँचे। इसी भाव के साथ जनकल्याण शिविर लगाए जा रहे हैं। उन्होंने शिविर में मौजूद नागरिकों का आह्वान किया कि वे पात्रता के अनुसार स्वयं भी योजनाओं का लाभ उठायें और दूसरों को भी मदद दिलाने में सहभागी बनें। भाजपा जिला अध्यक्ष श्री जयप्रकाश राजौरिया ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में पिछले 12 साल देश के लिये बेमिसाल रहे हैं। केन्द्र व राज्य सरकार की तमाम योजनाओं का लाभ हर जरूरतमंद तक पहुँचाने का काम पूरी शिद्दत के साथ किया गया है। हम सभी का दायित्व है कि हर पात्र व्यक्ति तक मदद पहुँचाने में सरकार का सहयोग करें। शिविर में यह हितलाभ वितरित हुए शिविर में कुल 1867 लोगों को सरकार की विभिन्न योजनाओं से लाभान्वित कराया गया। इसमें विभिन्न सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजनाओं से लाभान्वित 1049 हितग्राही, संबल योजना के 50, लाड़ली लक्ष्मी योजना के 11, मातृ वंदना योजना के 50 व आयुष्मान भारत योजना के 15 हितग्राही शामिल हैं। इसके अलावा 530 आय व मूलनिवासी प्रमाण-पत्र, 140 ट्रेड लायसेंस, 31 नामांतरण, 8 भवन अनुज्ञा प्रमाण-पत्र, 10 मृत्यु प्रमाण-पत्र, 2 जन्म प्रमाण-पत्र, 4 जाति प्रमाण-पत्र व 3 ईडब्ल्यूएस प्रमाण-पत्र भी शिविर में बनाए गए। इनकी भी रही मौजूदगी जनकल्याण शिविर में पार्षद भगवान सिंह कुशवाह, श्रीमती यामिनी परांडे व श्रीमती अंजली राजू पलैया तथा सर्वश्री धर्मेन्द्र तोमर, विकास साहू, जवाहर प्रजापति, राजू पलैया, दीपक शर्मा, गौरव वाजपेयी, सतपाल जादौन व अमर कुटे सहित अन्य जनप्रतिनिधिगण शामिल हुए। साथ ही अपर आयुक्त नगर निगम मुनीष सिकरवार व एसडीएम लश्कर नरेन्द्र बाबू यादव सहित अन्य अधिकारियों ने शिविर में जन समस्याओं का समाधान किया।