बालाघाट (ईएमएस). जिले के परसवाड़ा थाना क्षेत्र में एक मामूली विवाद ने हिंसक रूप ले लिया, जहां ईंट मारने से एक व्यक्ति की मौत हो गई। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को हिरासत में लेकर जांच शुरू कर दी है। परसवाड़ा थाना मुख्यालय में रविवार को एक मामूली विवाद के चलते एक व्यक्ति की जान चली गई। घटना के बाद क्षेत्र में सनसनी फैल गई। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है और मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। उपनिरीक्षक जीएल अहिरवार के अनुसार, पुराने अस्पताल के सामने अनिल घोले अपनी सैलून की दुकान संचालित करता था। दुकान से संबंधित कुछ ईंटें उसने फगलाल ठाकरे और पंकज ठाकरे की जमीन पर रख दी थीं। इसे लेकर दोनों पक्षों के बीच पहले से विवाद चल रहा था और कई बार ईंट हटाने के लिए कहा गया था। रविवार को इसी बात को लेकर एक बार फिर विवाद हुआ, जो देखते ही देखते कहासुनी में बदल गया। इसी दौरान पंकज ठाकरे ने गुस्से में ईंट उठाकर अनिल घोले पर हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल अनिल को तत्काल अस्पताल ले जाया जा रहा था, लेकिन उसने रास्ते में ही दम तोड़ दिया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और पंचनामा कार्रवाई की। मामले में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस ने फगलाल ठाकरे और पंकज ठाकरे को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल बना हुआ है। भानेश साकुरे / 14 जून 2026