हाथरस (ईएमएस)। विश्व रक्तदाता दिवस के अवसर पर एसोसिएशन ऑफ डेमोक्रेटिक ह्यूमन राइट्स (एडीएचआर) द्वारा माहौर गेस्ट हाउस, मुरसान गेट पर आयोजित विशाल स्वैच्छिक रक्तदान शिविर में रक्तदानियों का उत्साह देखने को मिला। सुबह से ही बड़ी संख्या में युवाओं, सामाजिक कार्यकर्ताओं और नागरिकों ने रक्तदान कर मानवता की सेवा का संदेश दिया।शिविर का शुभारंभ दीप प्रज्वलन एवं भगवान श्रीराम की प्रतिमा पर माल्यार्पण के साथ हुआ। एडीएचआर पदाधिकारियों ने रक्तदान को मानवता की सबसे बड़ी सेवा बताते हुए लोगों से नियमित रक्तदान करने का आह्वान किया।आयोजकों ने बताया कि शिविर में 200 यूनिट रक्त संग्रह का लक्ष्य पूरा कर लिया गया तथा सभी रक्त समूहों का रक्त एकत्रित हुआ। रक्तदान करने वाले सभी लोगों को प्रशस्ति प्रमाण-पत्र एवं पानी का कैम्पर भेंट कर सम्मानित किया गया।राष्ट्रीय महासचिव प्रवीन वार्ष्णेय ने कहा कि रक्तदान किसी जरूरतमंद को नया जीवन देने का माध्यम है और समाज के अधिक से अधिक लोगों को इस अभियान से जुड़ना चाहिए। पूरे आयोजन के दौरान सेवा, समर्पण और मानवता की भावना देखने को मिली।शिविर में राष्ट्रीय प्रवक्ता देवेंद्र गोयल, राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष मोहन लाल अग्रवाल, जिलाध्यक्ष कमलकांत दोबरावाल, जिला महासचिव शैलेन्द्र सांवलिया, जिला कोषाध्यक्ष अनिल अग्रवाल सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी, सामाजिक कार्यकर्ता एवं रक्तदाता उपस्थित रहे। ईएमएस//नीरज चक्रपाणी/ 14 जून 2026