राज्य
14-Jun-2026
...


:; ‘मानवता की एक बूंद’ थीम पर जुटे रक्तदाता, डॉ. महाजन बोले- समाज में स्वैच्छिक रक्तदान की संस्कृति को मजबूत करना जरूरी :: इंदौर (ईएमएस)। विश्व रक्तदाता दिवस के अवसर पर केयर सीएचएल हॉस्पिटल के सीएचएल ब्लड सेंटर द्वारा स्वैच्छिक रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। इसका मुख्य उद्देश्य सुरक्षित रक्त की उपलब्धता सुनिश्चित करने के साथ-साथ आमजन को नियमित स्वैच्छिक रक्तदान के प्रति जागरूक करना था। इस वर्ष विश्व स्वास्थ्य संगठन (डब्ल्यूएचओ) द्वारा निर्धारित थीम “मानवता की एक बूंद। रक्तदान करें। जीवन बचाएँ।” के तहत आयोजित इस शिविर में बड़ी संख्या में स्वैच्छिक रक्तदाताओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। हॉस्पिटल के प्रमुख ट्रांसफ्यूजन सर्विसेज डॉ. अरुण महाजन के नेतृत्व में आयोजित इस शिविर में रक्तदाताओं के योगदान को सराहा गया। डॉ. महाजन ने बताया कि दुर्घटनाओं, जटिल सर्जरी और कैंसर के उपचार जैसी गंभीर चिकित्सकीय परिस्थितियों में समय पर रक्त की उपलब्धता ही मरीजों की जान बचाती है। रक्तदान मानवता की सेवा का सबसे सरल और प्रभावी माध्यम है। एक स्वस्थ व्यक्ति का यह कदम कई मरीजों को नई जिंदगी दे सकता है। समाज में इस संस्कृति को और मजबूत करने की आवश्यकता है ताकि कोई भी मरीज रक्त के अभाव में न रहे। शिविर को सफल बनाने में सीएचएल ब्लड सेंटर और हॉस्पिटल की टीम का विशेष सहयोग रहा। प्रकाश/14 जून 2026