राज्य
14-Jun-2026


*➡️ 70 रक्तवीरों ने किया रक्तदान, मानव जीवन बचाने का दिया संदेश* राजनांदगांव (ईएमएस)। विश्व रक्तदान दिवस के अवसर पर शंकरपुर वार्ड क्रमांक 7 स्थित लगन वाटिका मैरिज पैलेस में एक विशाल रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। यह शिविर समाजसेवी निखिल रामटेके के तत्वावधान में आयोजित हुआ जिसमें बड़ी संख्या में युवाओं एवं नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। शिविर को सफल बनाने में बालाजी ब्लड सेंटर की टीम ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। टीम के कुशल मार्गदर्शन एवं व्यवस्थाओं के चलते रक्तदान शिविर सुचारू रूप से संपन्न हुआ। शिविर में कुल 70 लोगों ने स्वेच्छा से रक्तदान कर मानव जीवन की रक्षा हेतु अपना अमूल्य योगदान दिया। कार्यक्रम के दौरान वक्ताओं ने रक्तदान के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि रक्तदान महादान है। एक यूनिट रक्त कई जरूरतमंद मरीजों को नया जीवन प्रदान कर सकता है। ऐसे आयोजनों से समाज में जागरूकता बढ़ती है और अधिक से अधिक लोग रक्तदान के लिए प्रेरित होते हैं। रक्तदान करने वाले प्रमुख रक्तवीरों में निखिल रामटेके, देव वर्मा, कौशलेंद्र, पुरुवाशु, सुरियस, अतुल, सुरज, आलाम, गगन, शशांक, भारत, हिरेंद्र, आयुष, ऋषभ, निहाल, जसवंत, दीपेंद्र, इरशाद, अरुण, रोशन, भावेश, योगेश, विनायक, वेदांत, आकाश, साहिल एवं भोजराज सहित अन्य रक्तदाता शामिल रहे। सभी रक्तवीरों ने अपने बहुमूल्य रक्त का दान कर मानव सेवा और सामाजिक उत्तरदायित्व का उत्कृष्ट उदाहरण प्रस्तुत किया। आयोजन के अंत में सभी रक्तदाताओं का सम्मान किया गया तथा उनके इस सराहनीय योगदान के लिए आभार व्यक्त किया गया। विश्व रक्तदान दिवस के अवसर पर आयोजित यह शिविर समाज में सेवा, सहयोग और मानवता की भावना को सशक्त करने वाला एक प्रेरणादायी प्रयास साबित हुआ। ईएमएस/मोहने/ 14 जून 2026