:: वर्षा जल संवर्धन के लिए दौड़ा इंदौर, पलासिया से इंद्रप्रस्थ चौराहा तक बनी मानव श्रृंखला :: इंदौर (ईएमएस)। देश के सबसे स्वच्छ शहर इंदौर ने जल संरक्षण और भूजल संवर्धन की दिशा में एक और ऐतिहासिक कीर्तिमान अपने नाम कर लिया है। वर्षा जल संचय को जनआंदोलन बनाने के उद्देश्य से नगर निगम द्वारा आयोजित देश की सबसे छोटी दौड़ मिनी थान को गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड्स में दर्ज किया गया है। पलासिया चौराहा से इंद्रप्रस्थ चौराहा तक आयोजित करीब एक किलोमीटर लंबी इस अनूठी दौड़ का विधिवत शुभारंभ क्षेत्रीय सांसद शंकर लालवानी, निगमायुक्त क्षितिज सिंघल एवं स्वास्थ्य प्रभारी अश्विनी शुक्ल ने हरी झंडी दिखाकर किया। इस ऐतिहासिक आयोजन की शुरुआत में वहां मौजूद हजारों प्रतिभागियों को वर्षा जल को सहेजने और धरती का जलस्तर बढ़ाने की सामूहिक शपथ दिलाई गई। दौड़ के माध्यम से न केवल जल सहेजने का संदेश दिया गया, बल्कि पर्यावरण संरक्षण, शहर की वायु गुणवत्ता (एकीयूआई) को सुधारने और एक स्वस्थ जीवनशैली के लिए नागरिकों को रोजमर्रा के जीवन में अधिक से अधिक पैदल चलने के लिए भी प्रेरित किया गया। इस वैश्विक उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए निगमायुक्त क्षितिज सिंघल ने इंदौरवासियों की सहभागिता की सराहना की। उन्होंने नागरिकों से पुरजोर अपील करते हुए कहा कि सभी इंदौरवासी अपने घरों, निजी संस्थानों और व्यावसायिक परिसरों में अनिवार्य रूप से रेन वाटर हार्वेस्टिंग सिस्टम और रिचार्ज पिट स्थापित करें। उन्होंने जोर देकर कहा कि स्वच्छता की तरह जल संरक्षण के इस महाअभियान को भी केवल व्यापक जनभागीदारी के बल पर ही सफल बनाया जा सकता है। आयोजन में शहर के प्रबुद्ध नागरिकों, सामाजिक संगठनों, पर्यावरणविदों और युवाओं ने बड़ी संख्या में भाग लेकर जल व पर्यावरण संरक्षण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई। प्रकाश/14 जून 2026