:: विश्व शांति की कामना के साथ समर्पित की गईं 16 हजार आहुतियां, अधिकमास के सभी अनुष्ठानों की पूर्णाहुति आज :: इंदौर (ईएमएस)। विमानतल मार्ग स्थित विद्याधाम पर पुरुषोत्तम (अधिक) मास के उपलक्ष्य में आयोजित लक्ष्मीनारायण महायज्ञ रविवार को विधि-विधान से संपन्न हो गया। महामंडलेश्वर स्वामी चिन्मयानंद सरस्वती के सानिध्य एवं आचार्य पं. राजेश शर्मा के निर्देशन में हुए इस अनुष्ठान के अंतिम दिन समूचा परिसर यज्ञ देवता और भगवान लक्ष्मीनारायण के जयघोष से गुंजायमान हो उठा। महायज्ञ में विश्व कल्याण और जन-साधारण की सुख-समृद्धि की कामना के साथ 16 हजार से अधिक आहुतियां दी गईं। विद्याधाम परिवार के सुरेश शाहरा, पं. दिनेश शर्मा एवं राजेंद्र महाजन ने बताया कि इस महायज्ञ में 11 यजमानों और 11 विद्वानों द्वारा प्रतिदिन विशेष आहुतियां समर्पित की जा रही थीं। :: आज होगा अनुष्ठानों का समापन :: अधिकमास के निमित्त आश्रम परिसर में पिछले एक माह से दीपदान, रामकथा और भागवत कथा सहित कई अन्य अनुष्ठान नियमित रूप से चल रहे थे। इसी श्रृंखला में 11 आचार्यों द्वारा किए जा रहे श्रीमद्भागवत के मूल पारायण सहित अन्य सभी धार्मिक प्रकल्पों की महापूर्णाहुति सोमवार, 15 जून को होगी। रविवार को यज्ञ की पूर्णाहुति के बाद विशेष आरती की गई, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने दर्शन कर पुण्य लाभ लिया। प्रकाश/14 जून 2026