:: मंत्री विजयवर्गीय ने किया 108 भागवत पारायण का पूजन, सोमवती अमावस्या पर सुबह 10 बजे होगा महासमापन :: इंदौर (ईएमएस)। एयरपोर्ट रोड (पीलियाखाल) स्थित प्राचीन हंसदास मठ पर पुरुषोत्तम (अधिक) मास के उपलक्ष्य में आयोजित 108 भागवत मूल पारायण सहित विभिन्न दिव्य अनुष्ठानों की पूर्णाहुति सोमवार को सोमवती अमावस्या के पावन योग पर सुबह 10 बजे होगी। हंसपीठाधीश्वर श्री महंत रामचरणदास महाराज के मार्गदर्शन में पिछले एक माह से चल रहे इन अनुष्ठानों में प्रतिदिन हजारों श्रद्धालुओं ने धर्म लाभ लिया। मठ के महामंडलेश्वर महंत पवनदास महाराज ने बताया कि गत 16 मई से जारी इस अनुष्ठान के क्रम में रविवार को राज्य के नगरीय प्रशासन मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने मठ पहुंचकर भागवतजी और पारायण कर रहे विद्वान आचार्यों का विधि-विधान से पूजन किया। इस अवसर पर उन्होंने मठ के सभी प्रमुख देवालयों में दर्शन कर महामंडलेश्वरजी का शॉल ओढ़ाकर सम्मान किया और महाआरती में भाग लिया। उनके साथ एमआईसी सदस्य निरंजन सिंह चौहान गुड्डू, पार्षद संध्या यादव, गोविंद पंवार, पूर्व पार्षद जयदीप जैन व राजेश शर्मा सहित कई गणमान्य नागरिक उपस्थित थे। संत यजत्रदास के अनुसार, समापन के पावन अवसर पर सोमवार को मठ स्थित रजत मंडित पंचमुखी हनुमान, रणछोड़जी, टीकमजी और हंसेश्वर महादेव सहित सभी विग्रहों का नयनाभिराम विशेष श्रृंगार किया जाएगा। प्रकाश/14 जून 2026