:: गांधी हॉल में दोपहर 12 बजे होगी सभा, सीपीएम और सीटू ने हाट-बाजारों में पर्चे बांटकर जनसमर्थन जुटाया :: इंदौर (ईएमएस)। सरकार की कॉर्पोरेट परस्त नीतियों, बढ़ती महंगाई, बेरोजगारी, जमीन की चौतरफा लूट और अवैध बेदखली के विरोध में सोमवार, 15 जून को मजदूर और किसान संयुक्त रूप से संभाग आयुक्त (कमिश्नर) कार्यालय पर विरोध प्रदर्शन करेंगे। यह प्रदर्शन वामपंथी दलों द्वारा ग्रामीण और शहरी अंचलों में चलाए जा रहे जन संघर्ष अभियान के दौरान मिली जनशिकायतों को लेकर किया जा रहा है। तय कार्यक्रम के अनुसार, प्रदर्शन से पूर्व दोपहर 12 बजे शहर के ऐतिहासिक गांधी हॉल प्रांगण में एक विशाल विरोध सभा आयोजित की जाएगी। इसके बाद सभी कार्यकर्ता और प्रभावित लोग कमिश्नर कार्यालय की ओर कूच करेंगे। इस आंदोलन को सफल बनाने के लिए पिछले कई दिनों से कार्यकर्ताओं की बैठकें ली जा रही हैं, साथ ही ग्रामीण क्षेत्रों और हाट-बाजारों में पर्चे बांटकर व्यापक जनसंपर्क किया जा रहा है। सीपीआईएम (सीपीएम) के जिला सचिव अरुण चौहान, राज्य सचिव मंडल सदस्य कैलाश लिंबोदिया और सीटू के जिला सचिव सी.एल. सारावत ने समस्त मजदूर, किसान और आम नागरिकों से इस जन आंदोलन में बढ़-चढ़कर शामिल होने की अपील की है। प्रकाश/14 जून 2026