राज्य
14-Jun-2026


पालिकाध्यक्ष श्वेता चौधरी के नेतृत्व में सड़क, सफाई, प्रकाश व्यवस्था और जनसुविधाओं में दिखा बदलाव, उपलब्धियों पर आधारित स्मारिका का होगा विमोचन हाथरस (ईएमएस)। नगर पालिका परिषद हाथरस के वर्तमान बोर्ड के तीन वर्ष पूर्ण होने पर आज शहर विकास की नई इबारत लिखने वाले कार्यों के उत्सव का साक्षी बनेगा। पालिकाध्यक्ष श्वेता चौधरी के नेतृत्व में आयोजित हाथरस विकास उत्सव एवं स्मारिका विमोचन समारोह आगरा रोड स्थित अग्रवाल सेवा सदन में दोपहर 12 बजे से होगा, जिसमें पिछले तीन वर्षों में हुए विकास कार्यों और जनकल्याणकारी योजनाओं की झलक नगरवासियों के सामने प्रस्तुत की जाएगी।नगर पालिका परिषद का दावा है कि बीते तीन वर्षों में शहर ने विकास के नए आयाम स्थापित किए हैं। जिन वार्डों में कभी टूटी सड़कें, जलभराव, गंदगी और अंधेरा आम बात थी, वहां आज पक्की सड़कें, सुदृढ़ नालियां, बेहतर सफाई व्यवस्था और आधुनिक स्ट्रीट लाइटें नागरिकों को नई सुविधाओं का एहसास करा रही हैं। शहर के अधिकांश प्रमुख मार्गों और गलियों में प्रकाश व्यवस्था मजबूत होने से लोगों को आवागमन में सुविधा मिली है, वहीं मानसून के दौरान जलनिकासी व्यवस्था में भी उल्लेखनीय सुधार देखने को मिला है।नगर पालिका द्वारा लगातार चलाए जा रहे सफाई अभियान, नाला सफाई, सड़क निर्माण, इंटरलॉकिंग, स्ट्रीट लाइट, स्वच्छता, सौंदर्यीकरण और जनसुविधाओं से जुड़े कार्यों को परिषद अपनी प्रमुख उपलब्धियों के रूप में प्रस्तुत करेगी। परिषद का कहना है कि विकास के जो संकल्प लिए गए थे, उन्हें चरणबद्ध तरीके से धरातल पर उतारा जा रहा है और नगर के प्रत्येक वार्ड तक विकास पहुंचाने का प्रयास निरंतर जारी है।कार्यक्रम में नगर पालिका परिषद की तीन वर्षों की उपलब्धियों पर आधारित विशेष स्मारिका का भी विमोचन किया जाएगा, जिसमें विकास कार्यों, जनहित योजनाओं और नगर के बदलते स्वरूप का विस्तृत विवरण संकलित किया गया है। यह स्मारिका नगरवासियों को समर्पित की जाएगी।समारोह में भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष ब्रज बहादुर भारद्वाज उद्घाटनकर्ता के रूप में शामिल होंगे। सांसद अनूप प्रधान वाल्मीकि, विधान परिषद सदस्य चौधरी ऋषिपाल सिंह सहित अनेक जनप्रतिनिधि मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहेंगे। पूर्व विधायक सुरेश प्रताप गांधी, यशपाल सिंह चौहान और राजवीर सिंह पहलवान विशिष्ट अतिथि के रूप में कार्यक्रम की शोभा बढ़ाएंगे। इसके अलावा जिलाधिकारी अतुल वत्स, पुलिस अधीक्षक चिरंजीव नाथ सिन्हा, अपर पुलिस अधीक्षक राममोहन कुशवाहा, पूर्व सांसद राजेश दिवाकर, नगर पालिका के सभासद, विभिन्न सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि तथा बड़ी संख्या में नागरिकों की उपस्थिति प्रस्तावित है।नगर पालिका प्रशासन ने नगरवासियों से अधिक से अधिक संख्या में कार्यक्रम में पहुंचकर विकास यात्रा के इस विशेष अवसर का सहभागी बनने की अपील की है। ईएमएस//नीरज चक्रपाणी/ 14 जून 2026