लॉस एंजेलस (ईएमएस)। हाल ही में अमेरिकी गायिका और गीतकार ओलिविया रोड्रिगो ने अपनी निजी जिंदगी और आगामी एल्बम से जुड़ी कई दिलचस्प बातें साझा कीं। चर्चा के दौरान उन्होंने बताया कि लंदन उनके लिए एक ऐसी जगह है जहां वह खुद को अपने सबसे बेहतर रूप में पाती हैं। ओलिविया ने अपनी भावनाओं को व्यक्त करते हुए कहा, जब भी मैं लंदन में होती हूं, मुझे लगता है कि मैं खुद का सबसे बेहतर वर्जन बन जाती हूं। इस शहर का माहौल, इसकी गहरी संस्कृति और यहां का जीवन एक अलग ही ऊर्जा प्रदान करता है, जो मेरी रचनात्मकता को बढ़ावा देता है। उन्होंने यह भी बताया कि उनके नए एल्बम यू सीम प्रिटी सैड फॉर ए गर्ल सो इन लव का एक बड़ा हिस्सा लंदन में ही लिखा गया है। यह एल्बम उस विशेष समय और वहां बिताए अनुभवों से गहराई से प्रेरित है, जिसने उनके संगीत को एक नई दिशा दी। ओलिविया ने लंदन के मौसम का भी अपनी रचनात्मक प्रक्रिया पर पड़ने वाले प्रभाव का जिक्र किया। उन्होंने कहा, लंदन का मौसम भी मेरी क्रिएटिविटी को बढ़ाता है। यहां इतनी बारिश होती है कि लोग बाहर जाने के बजाय घर के अंदर बैठकर गिटार बजाते हैं और गाने लिखते हैं। मेरे साथ भी कुछ ऐसा ही हुआ। बारिश भरे दिनों में मुझे अपने विचारों और भावनाओं के साथ समय बिताने का मौका मिलता है, जिससे नए गीत और धुनें बनती हैं। सिर्फ लंदन ही नहीं, बल्कि इंग्लैंड का मैनचेस्टर शहर भी उन्हें काफी प्रेरित करता है। ओलिविया ने बताया कि कुछ साल पहले उन्होंने मैनचेस्टर में भी समय बिताया था और वहां का अनुभव उनके लिए यादगार रहा, क्योंकि उस शहर का भी एक समृद्ध संगीत इतिहास रहा है। उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि मैनचेस्टर दुनिया के कई मशहूर बैंड्स का घर रहा है और यहां से संगीत की दुनिया को कई ऐसे कलाकार मिले हैं, जिन्होंने वैश्विक स्तर पर अपनी पहचान बनाई है। अपने नए एल्बम की रिलीज टाइमलाइन के बारे में बात करते हुए ओलिविया ने बताया, शुरुआत में मेरा प्लान इसे साल की शुरुआत में रिलीज करने का था। मैंने सोचा था कि फरवरी में पहला सिंगल रिलीज करूंगी और जून तक पूरा एल्बम दर्शकों के सामने आ जाएगा। लेकिन समय के साथ मुझे महसूस हुआ कि कुछ चीजों को और बेहतर बनाने की जरूरत है। उन्होंने कहा, एक अच्छा एल्बम तैयार करने में काफी समय लगता है। कई बार अपने काम को दोबारा देखने, समझने और सुधारने की जरूरत पड़ती है। इसी कारण मैंने रिलीज की जल्दबाजी नहीं की और खुद को थोड़ा ज्यादा समय दिया। कभी-कभी बेहतर परिणाम के लिए थोड़ा रुकना और चीजों को नए नजरिए से देखना जरूरी होता है। सुदामा/ईएमएस 15 जून 2026