खेल
15-Jun-2026
...


विराट, हार्दिक और रोहित को फिट होने पर अवसर मिलना तय मुम्बई (ईएमएस)। भारतीय क्रिकेट बोर्ड (बीसीसीआई) चयन समिति इसी सप्ताह इंग्लैंड दौरे के लिए एकदिवसीय टीम की घोषणा कर सकती है। भारतीय टीम को अगले माह जुलाई में इंग्लैंड के खिलाफ तीन मैचों की एकदिवसीय अंतरराष्ट्रीय सीरीज सीरीज खेलनी है। इस दौर को लेकर अनुभवी बल्लेबाज विराट कोहली, ऑलराउंडर हार्दिक पांड्या और रोहित शर्मा पर सबकी नजरें रहेंगी। अगर ये फिट रहे तो इन्हें जगह मिलना पक्का है। कोहली और पांड्या दोनों ही चोटिल होने के कारण अफगानिस्तान के खिलाफ जारी रही तीन मैचों की एकदिवसीय सीरीज से बाहर हैं, इनकी फिटनेस रिपोर्ट पर चयनसमिति संभीरता से नजर रखेगी। विराट को मांसपेशियों में खिंचाव की समस्या है, जबकि हार्दिक पांड्या की चोट पुरानी है। हार्दिक, जो पहले चोट से उबरकर अफगानिस्तान सीरीज के लिए वापसी के करीब थे पर बदकिस्मती से आखिरी प्रशिक्षण सत्रों के दौरान पैर में दोबारा चोटिल होने के कारण बाहर हो गये। इस कारण वह एक बार फिर खेल से दूर हो गए हैं। वह अभी बेंगलुरु स्थित बीसीसीआई के सेंटर ऑफ एक्सीलेंस में रिकवरी के दौर से गुजर रहे हैं। वहीं चयनकर्ता और टीम प्रबंधन की प्राथमिकता है कि ये दोनों खिलाड़ी जल्द से जल्द फिट होकर अपनी फॉर्म फिर हासिल करें, जिससे 2027 विश्व कप के लिए एक आदर्श टीम संयोजन तैयार किया जा सके। अफगानिस्तान सीरीज में कोहली की अनुपस्थिति में ईशान किशन नंबर तीन पर बल्लेबाजी कर रहे हैं, जबकि हार्दिक की जगह युवा नीतीश कुमार रेड्डी को मौका दिया जा रहा है। चयनकर्ता चाहेंगे कि हार्दिक को पूर्ण रूप से फॉर्म में लौटने और वनडे क्रिकेट से तालमेल बिठाने के लिए पर्याप्त अवसर मिलें। साथ ही, नीतीश को भी भविष्य के लिए तैयार किया जा सके। दूसरी ओर रोहित की फॉर्म चिंता का एक बड़ा कारण बनी हुई है। बोर्ड और चयनकर्ताओं की ओर से पहले ही यह संकेत दिए जा चुके हैं कि उनकी प्रदर्शन पर सीरीज-दर-सीरीज बारीकी से नजर रखी जाएगी। उनकी पिछली सीरीज और आईपीएल 2026 दोनों ही औसत रहे थे, और अफगानिस्तान के खिलाफ पहले एकदिवसीय में भी वह रन बनाने के लिए संघर्ष करते दिखे, जहां वह रन आउट होने से पहले असहज महसूस कर रहे थे। पहले मैच में उनकी कलाई में भी हल्की चोट लगी थी। हालांकि, इस सीरीज के अभी दो मुकाबले बाकी हैं, जहां रोहित के पास रन बनाकर अपनी स्थिति को मजबूत करने का मौका है। गिरजा/ईएमएस 15जून 2026