* एक ही समाज के दो गुटों में हुई हिंसक झड़प, तीन अन्य घायल; इलाके में बढ़ाई गई पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था भावनगर (ईएमएस)| जिले के पालिताणा शहर में रविवार को एक सनसनीखेज हत्या की वारदात सामने आई। शेत्रुंजय गेट और तालाब क्षेत्र में पैसों की उगाही को लेकर एक ही समाज के दो गुटों के बीच शुरू हुआ विवाद देखते ही देखते खूनी संघर्ष में बदल गया। इस दौरान साजिद मेहतर नामक युवक पर धारदार हथियार से जानलेवा हमला कर दिया गया। गंभीर रूप से घायल साजिद मेहतर को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। इस हिंसक झड़प में तीन अन्य लोग भी घायल हुए हैं, जिनका अस्पताल में इलाज जारी है। घटना के बाद शांतिप्रिय माने जाने वाले पालिताणा शहर में दहशत का माहौल है। स्थानीय लोगों ने असामाजिक तत्वों की बढ़ती गुंडागर्दी और बिगड़ती कानून-व्यवस्था पर चिंता और नाराजगी जताई है। मृतक के परिजनों की शिकायत के आधार पर पालिताणा टाउन पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस आरोपियों की तलाश में लगातार छापेमारी कर रही है। साथ ही किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए इलाके में पुलिस पेट्रोलिंग बढ़ा दी गई है और हालात पर कड़ी नजर रखी जा रही है। सतीश/15 जून