युवाओं में बढ़ती नशे की प्रवृत्ति पर अविनाश कुमार ने दिखाई सख्ती अलीगढ़ (ईएमएस)। जनपद में युवाओं एवं बच्चों के बीच बढ़ती नशे की प्रवृत्ति पर गंभीर चिंता व्यक्त करते हुए जिलाधिकारी अविनाश कुमार ने संबंधित विभागों को समन्वित एवं प्रभावी कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि नशे की समस्या केवल कानून-व्यवस्था का विषय नहीं, बल्कि समाज और भविष्य की पीढ़ी से जुड़ा गंभीर मुद्दा है, जिसके प्रति सभी विभागों को संवेदनशील होकर कार्य करना होगा। सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी अविनाश कुमार की अध्यक्षता में एनकोर्ड समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में नशा मुक्ति अभियान की प्रगति की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि युवाओं को नशे की गिरफ्त में जाने से रोकने के लिए जागरूकता, परामर्श और प्रवर्तन की रणनीति पर एक साथ कार्य किया जाए। जिलाधिकारी ने क्षेत्रीय उच्च शिक्षा अधिकारी, जिला विद्यालय निरीक्षक एवं मुख्य चिकित्सा अधिकारी को निर्देश दिए कि काउंसलर्स एवं स्वयंसेवी संस्थाओं के सहयोग से विद्यालयों एवं महाविद्यालयों में प्रभावशाली ढंग से विशेष काउंसलिंग सत्र आयोजित किए जाएं। बैठक में जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी एवं जिला विद्यालय निरीक्षक को भी निर्देशित किया गया कि सभी विद्यालयों की प्रार्थना सभाओं में नियमित रूप से नशा मुक्ति शपथ दिलाई जाए और विद्यार्थियों को नशे के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक किया जाए। उन्होंने कहा कि बच्चों में सकारात्मक सोच, स्वस्थ जीवनशैली और नैतिक मूल्यों को बढ़ावा देकर ही नशे की चुनौती का प्रभावी समाधान संभव है। जिलाधिकारी ने कहा कि नशा मुक्त समाज का निर्माण केवल प्रशासनिक प्रयासों से संभव नहीं है, बल्कि इसमें अभिभावकों, शिक्षकों, सामाजिक संगठनों और आम नागरिकों की सक्रिय भागीदारी भी आवश्यक है। उन्होंने सभी विभागों को अभियान को जन आंदोलन का स्वरूप देने के लिए समन्वित रूप से कार्य करने के निर्देश दिए। बैठक में एडीएम सिटी किंशुक श्रीवास्तव, पुलिस क्षेत्राधिकारी सर्वम सिंह, क्षेत्रीय उच्च शिक्षा अधिकारी, सीएमओ डॉ0 आर एन सिंह, डीआईओएस डॉ0 पूरन सिंह, औषधि निरीक्षक दीपक लोधी, बीएसए आलोक कुमार सिंह अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। ईएमएस/धर्मेन्द्र राघव/ 15जून 2026