राज्य
15-Jun-2026
...


- राष्ट्रपति के नाम सौंपा ज्ञापन इन्दौर (ईएमएस) राज्यसभा चुनाव हेतु कांग्रेस प्रत्याशी मीनाक्षी नटराजन का नामांकन खारिज होने के विरोध में शहर युवा कांग्रेस अध्यक्ष अमित पटेल के नेतृत्व में युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कलेक्टर कार्यालय के बाहर भाजपा और चुनाव आयोग के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते हुए विरोध प्रदर्शन किया। उन्होंने मीनाक्षी नटराजन का नामांकन निरस्त किए जाने पर सवाल उठाते हुए कहा कि यह मामला लोकतांत्रिक प्रक्रियाओं की निष्पक्षता पर गंभीर प्रश्न खड़े करता है। उन्होंने राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपकर चुनाव आयोग और अन्य सरकारी संस्थाओं की कार्यप्रणाली की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की। प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं द्वारा पुतला दहन का प्रयास भी किया गया, लेकिन पुलिस ने समय रहते हस्तक्षेप कर पुतला जलाने नहीं दिया। इस मौके पर बड़ी संख्या में युवा कांग्रेस और कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे। नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों पर ध्यान नहीं दिया गया तो इस मुद्दे को लेकर आंदोलन और तेज किया जाएगा। प्रदर्शन के बाद अमित पटेल ने कहा कि किसी भी मजबूत लोकतंत्र की नींव पूरी तरह से स्वतंत्र, निष्पक्ष और पारदर्शी चुनाव प्रणाली पर टिकी होती है। अगर देश की सबसे बड़ी पंचायत (राज्यसभा) के चुनावी नियमों में इस तरह का खुला पक्षपात होगा या नियमों का असमान अनुपालन किया जाएगा, तो यह हमारी स्थापित लोकतांत्रिक व्यवस्था को अंदर से खोखला और कमजोर कर देगा। यही कारण है कि इस पूरे संवेदनशील घटनाक्रम की एक निष्पक्ष और उच्चस्तरीय जांच होना बेहद जरूरी हो गया है। उन्होंने ज्ञापन में 3 प्रमुख मांगें रखी जिसके अनुसार, राज्यसभा चुनाव और नामांकन निरस्त किए जाने से जुड़े इस पूरे विवादित प्रकरण की किसी स्वतंत्र और निष्पक्ष केंद्रीय एजेंसी से जांच कराई जाए। चुनावी प्रक्रिया में कथित हेरफेर और अनियमितताओं के लिए, जो भी अधिकारी या व्यक्ति जिम्मेदार हैं, उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई कर जवाबदेही तय की जाए। देश में भविष्य में होने वाली सभी चुनावी प्रक्रियाओं में पारदर्शिता, शुचिता और निष्पक्षता अक्षुण्ण बनी रहे, इसके लिए महामहिम अपने स्तर पर आवश्यक व सुधारात्मक कदम उठाएं। आनंद पुरोहित/ 15 जून 2026