राष्ट्रीय
15-Jun-2026


बेंगलुरु (ईएमएस)। कर्नाटक में कांग्रेस विधायक जमीर अहमद खान को मंत्रिमंडल में प्रमुख जिम्मेदारी दिए जाने की मांग को लेकर उनके समर्थकों ने प्रदर्शन किया। राज्य के विभिन्न हिस्सों में हुए इस विरोध प्रदर्शन में बड़ी संख्या में समर्थक शामिल हुए और उन्होंने पार्टी नेतृत्व से जमीर अहमद खान को कैबिनेट में महत्वपूर्ण स्थान देने की मांग की। प्रदर्शनकारियों का कहना है कि जमीर अहमद खान लंबे समय से कांग्रेस के लिए सक्रिय रूप से काम कर रहे हैं और अल्पसंख्यक समुदाय के बीच उनकी मजबूत पकड़ है। समर्थकों का दावा है कि पार्टी को राज्य में मिले जनाधार को मजबूत करने में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका रही है, इसलिए उन्हें सरकार में बड़ी जिम्मेदारी मिलनी चाहिए। हाल के दिनों में कर्नाटक में मंत्रिमंडल विस्तार और फेरबदल की अटकलों के बीच यह मांग और तेज हो गई है। इससे पहले भी कई मुस्लिम धर्मगुरुओं और सामुदायिक संगठनों ने सरकार से अल्पसंख्यक समुदाय को मंत्रिमंडल में अधिक प्रतिनिधित्व देने की मांग की थी। इसी क्रम में जमीर अहमद खान के समर्थन में प्रदर्शन आयोजित किए गए। जमीर अहमद खान वर्तमान में कर्नाटक की राजनीति के प्रमुख मुस्लिम नेताओं में गिने जाते हैं। वे चामराजपेट विधानसभा क्षेत्र का प्रतिनिधित्व करते हैं और राज्य सरकार में पहले भी महत्वपूर्ण विभागों की जिम्मेदारी संभाल चुके हैं। सुबोध/१५ -०६-२०२६