मनोरंजन
16-Jun-2026
...


मुंबई (ईएमएस)। बॉलीवुड आमिर खान की ब्लॉकबस्टर फिल्म लगान के 25 साल पूरे होने के जश्न में अभिनेता सलमान खान अपने नए और बेहद आकर्षक लुक से सभी का ध्यान अपनी ओर खींच लिया। ऑल-ब्लैक आउटफिट में पहुंचे सलमान, आमिर खान और करीना कपूर खान के साथ पैपराजी के सामने जमकर पोज देते और तस्वीरें खिंचवाते नजर आए। छोटे बालों में भाईजान का स्वैग ऐसा दिखा कि वहाँ मौजूद हर कोई न सिर्फ हैरान बल्कि बेहद खुश भी हो गया। इस इवेंट में सलमान खान का यह एकदम नया और बेहद छोटा हेयरस्टाइल हर तरफ चर्चा का विषय बना हुआ था। उनके फैंस और मीडिया जगत में यही कयास लगाए जा रहे हैं कि क्या भाईजान का यह ट्रांसफॉर्मेशन उनकी किसी आने वाली फिल्म के लिए है? हालांकि, अभी तक निर्माताओं या सलमान की ओर से इसकी कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन उनके इस नए अवतार ने सोशल मीडिया पर भी खूब सुर्खियाँ बटोरी हैं। सलमान को देखकर करीना कपूर खान ने भी उन्हें गले लगाया और उनके इस नए लुक की जमकर तारीफ की। इसके बाद यह तिकड़ी सलमान, आमिर और करीना – मुस्कुराते हुए पैपराजी को पोज देती रही, जिसकी तस्वीरें तुरंत वायरल हो गईं। दूसरी ओर, निर्देशक आशुतोष गोवारिकर की कालजयी फिल्म लगान के 25 साल पूरे होने की खुशी में मेकर्स इसे दोबारा सिनेमाघरों में रिलीज करने जा रहे हैं, जिसका ट्रेलर भी जारी कर दिया गया है। साल 2001 में रिलीज हुई इस फिल्म ने न सिर्फ बॉक्स ऑफिस पर कमाई के सारे रिकॉर्ड तोड़ दिए थे, बल्कि ऑस्कर की सर्वश्रेष्ठ विदेशी भाषा फिल्म श्रेणी में नामांकन पाकर भारतीय सिनेमा के इतिहास में एक नया अध्याय जोड़ दिया था। इसके साथ ही, लगान ने राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कारों में सर्वश्रेष्ठ लोकप्रिय फिल्म सहित कुल 8 प्रतिष्ठित पुरस्कार अपने नाम किए थे, जो इसकी अभूतपूर्व सफलता का प्रमाण है। साल 2001 में आई आशुतोष गोवारिकर की इस फिल्म में आमिर खान ने मुख्य भूमिका निभाई थी। फिल्म में ग्रेसी सिंह, रेचेल शेली, पॉल ब्लैकथॉर्न, सुहासिनी मुले, कुलभूषण खरबंदा, रघुबीर यादव और ए.के. हंगल जैसे कई बेहतरीन कलाकारों की लंबी-चौड़ी फौज थी, जिन्होंने अपने दमदार अभिनय से फिल्म में जान फूंक दी थी। लगान की कहानी और उसका संदेश आज भी दर्शकों के दिलों में अपनी खास जगह बनाए हुए है। सुदामा/ईएमएस 16 जून 2026