मनोरंजन
16-Jun-2026
...


मुंबई (ईएमएस)। फार्महाउस और जैविक खेती को लेकर धारावाहिक रामायण में लक्ष्मण की भूमिका निभाने वाले कलाकार सुनील लहरी आजकल चर्चाओं में हैं। हाल ही में उन्होंने अपने फार्महाउस का एक वीडियो साझा किया, जिसमें उन्होंने वहां उगाई जा रही विभिन्न फलों और सब्जियों की पैदावार दिखाई। इस वीडियो को देखकर उनके प्रशंसक काफी उत्साहित नजर आए और खेती के प्रति उनके लगाव की सराहना की। वीडियो में सुनील लहरी अपने फार्महाउस के अलग-अलग हिस्सों की सैर कराते दिखाई देते हैं। उन्होंने खेतों में उगाए गए तरबूज, केला, पपीता, काजू, फूलगोभी, शिमला मिर्च और अन्य फलों व सब्जियों की जानकारी दी। अभिनेता ने बताया कि वह पूरी तरह जैविक पद्धति से खेती कर रहे हैं और रासायनिक तत्वों के बजाय प्राकृतिक तरीकों को प्राथमिकता देते हैं। वीडियो के दौरान वह प्रत्येक पौधे और फसल के बारे में विस्तार से बताते हुए नजर आते हैं, जिससे खेती के प्रति उनकी गहरी रुचि और समर्पण स्पष्ट दिखाई देता है। करीब डेढ़ मिनट के इस वीडियो में उन्होंने अपने खेतों में लगे आम के पेड़ों, मिर्च की फसल और अन्य कृषि उत्पादों को भी दिखाया। उन्होंने मोरिंगा की फलियां तोड़कर दर्शकों को उनकी उपयोगिता के बारे में बताया। सोशल मीडिया पर वीडियो सामने आने के बाद प्रशंसकों ने बड़ी संख्या में प्रतिक्रियाएं दीं। कई लोगों ने उनकी खेती की प्रशंसा की, जबकि कुछ ने जैविक खेती और फसल उत्पादन से जुड़े सवाल भी पूछे। इससे पहले भी सुनील लहरी अपने फार्महाउस से जुड़े कई वीडियो साझा कर चुके हैं। कुछ सप्ताह पहले उन्होंने अपने पोते के साथ फार्महाउस में बिताए गए समय की झलकियां दिखाई थीं। वह लगातार लोगों को बच्चों के साथ गांवों और प्राकृतिक वातावरण में समय बिताने की सलाह देते रहे हैं। उनका मानना है कि आधुनिक जीवनशैली के बीच प्रकृति से जुड़ाव मानसिक और शारीरिक रूप से लाभदायक साबित हो सकता है। खेती को लेकर अपने विचार व्यक्त करते हुए सुनील लहरी ने देश में कृषि को बढ़ावा देने की आवश्यकता पर भी जोर दिया है। उनका कहना है कि बड़ी मात्रा में कृषि भूमि खाली पड़ी रहती है, जिसका बेहतर उपयोग किया जाना चाहिए। उन्होंने सरकार से ऐसे उपाय करने की अपील की है, जिनसे खेती को प्रोत्साहन मिले और कृषि योग्य भूमि का अधिकतम उपयोग हो सके। मालूम हो कि अभिनय की दुनिया से काफी हद तक दूरी बनाने के बाद भी वह अपने प्रशंसकों से लगातार जुड़े हुए हैं और सोशल मीडिया के माध्यम से अपने जीवन की झलकियां साझा करते रहते हैं। सुदामा/ईएमएस 16 जून 2026