मुंबई (ईएमएस)। अपनी व्यस्ततम कार्यसूची के बावजूद महानायक अमिताभ बच्चन सोशल मीडिया और अपने ब्लॉग के माध्यम से नियमित रूप से फैंस के साथ संवाद करते रहते हैं। इतना ही नहीं, वे अपने फैंस को जिंदगी के बेहतरीन अनुभवों से भी रुबरु कराते हैं। हाल ही में उन्होंने अपने ब्लॉग में एक दिन के कामकाज का ब्यौरा साझा करते हुए बताया कि उन्होंने एक ही दिन में लगातार 12 शॉर्ट फिल्मों की शूटिंग पूरी की, दो स्टिल फोटोशूट भी किए और इसके बाद देर रात अपने चाहने वालों के लिए ब्लॉग लिखने का समय निकाला। अमिताभ बच्चन ने ब्लॉग में लिखा कि काम चाहे कितना भी अधिक क्यों न हो, अपने लोगों और प्रशंसकों से जुड़े रहने की प्रक्रिया कभी रुकनी नहीं चाहिए। उन्होंने कहा कि दिनभर की व्यस्तताओं के बाद भी वह अपने पाठकों और फैंस के साथ संवाद को प्राथमिकता देते हैं। अपने संदेश में उन्होंने लिखा कि आज 12 शॉर्ट फिल्मों की शूटिंग की, दो स्टिल शूट पूरे किए और अब वह अपने पाठकों के लिए लिख रहे हैं। उनके अनुसार जीवन में बाकी सभी काम चलते रहते हैं, लेकिन अपनों से जुड़े रहने का यह सिलसिला लगातार जारी रहना चाहिए। अपने ब्लॉग में उन्होंने कार्य के प्रति अनुशासन और समर्पण पर भी जोर दिया। अमिताभ ने कहा कि किसी भी पेशेवर जिम्मेदारी को निभाने से पहले पूरी तैयारी करना बेहद आवश्यक है। उनका मानना है कि काम के दिन से पहले अध्ययन, अभ्यास और तैयारी पूरी कर लेनी चाहिए ताकि प्रदर्शन में किसी प्रकार की कमी न रहे। उन्होंने यह भी कहा कि परिस्थितियां कैसी भी हों, व्यक्ति को अपने काम के स्तर से कभी समझौता नहीं करना चाहिए। यही दृष्टिकोण सफलता और निरंतरता का आधार बनता है। वर्क फ्रंट की बात करें तो अमिताभ बच्चन हाल के वर्षों में लगातार अलग-अलग तरह की फिल्मों में नजर आए हैं। उन्हें आखिरी बार वेट्टैयन में देखा गया था, जिसमें उन्होंने रजनीकांत सहित कई प्रमुख कलाकारों के साथ स्क्रीन साझा की थी। इससे पहले वह कल्कि 2898 एडी में अश्वत्थामा के दमदार किरदार में दिखाई दिए थे। इस फिल्म में उनके अभिनय को दर्शकों और समीक्षकों ने खूब सराहा था। सुदामा/ईएमएस 16 जून 2026