राष्ट्रीय
16-Jun-2026
...


1,016 रिक्तियों के लिए 13,343 अभ्यर्थी मेन्स परीक्षा हेतु चयनित, 19 से 28 जून तक भरने होंगे जरूरी विवरण नई दिल्ली,(ईएमएस)। संघ लोक सेवा आयोग (यूपीएससी) ने सिविल सेवा प्रारंभिक परीक्षा 2026 का परिणाम घोषित कर दिया है। इस वर्ष 1,016 रिक्तियों के मुकाबले 13,343 अभ्यर्थियों ने मुख्य परीक्षा (मेन्स) के लिए क्वालिफाई किया है। प्रारंभिक परीक्षा का आयोजन 24 मई 2026 को किया गया था। आयोग के आंकड़ों के अनुसार, पिछले वर्ष 1,087 पदों के लिए 14,161 उम्मीदवारों का चयन मेन्स परीक्षा के लिए हुआ था। इस बार रिक्तियों और चयनित अभ्यर्थियों की संख्या दोनों में मामूली कमी दर्ज की गई है। यूपीएससी ने स्पष्ट किया है कि मुख्य परीक्षा में शामिल होने के पात्र सभी उम्मीदवारों को 19 जून से 28 जून के बीच अपने आवेदन संबंधी विवरण ऑनलाइन अपडेट करने होंगे। इस दौरान परीक्षा शुल्क जमा करना, कैडर व सेवा वरीयता (प्रेफरेन्स) दर्ज करना तथा अन्य आवश्यक जानकारियां उपलब्ध कराना अनिवार्य रहेगा। आयोग ने कहा है कि सभी योग्य अभ्यर्थियों को पोर्टल पर लॉगिन कर विस्तृत आवेदन पत्र (डीएएफ) भरने के बाद उसे अंतिम रूप से सबमिट करना होगा। निर्धारित समय सीमा के भीतर यह प्रक्रिया पूरी नहीं करने वाले उम्मीदवारों को आगे की चयन प्रक्रिया में शामिल नहीं किया जाएगा। यूपीएससी ने यह भी बताया कि प्रारंभिक परीक्षा के अंक, कट-ऑफ अंक तथा आधिकारिक आंसर-की अंतिम परिणाम घोषित होने के बाद ही सार्वजनिक की जाएगी। फिलहाल सफल उम्मीदवार मुख्य परीक्षा की तैयारी में जुट गए हैं, जो सिविल सेवा चयन प्रक्रिया का अगला महत्वपूर्ण चरण है। हिदायत/ईएमएस 16जून26